पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों अपनी प्रगति यात्रा पर हैं। इस यात्रा के दौरान वह जिलों में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं और हर जिले को चुनाव से पहले करोड़ों की योजनाओं का तोहफा भी दे रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेगूसराय पहुंचे। यहां उन्होंने जीविका दीदियों से मुलाकात के दौरान ऐसा बयान दिया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग चौंक गए।
बेगूसराय में सीएम का बयान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने साथियों के साथ शनिवार सुबह बेगूसराय पहुंचे थे। यहां पर प्रगति यात्रा के दौरान वे जीविका दीदियों से मिलकर उन्हें सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में बता रहे थे। इसी बातचीत के दौरान उन्होंने लड़कियों और महिलाओं के कपड़ों के बारे में कुछ ऐसा कह दिया, जिससे सभी लोग हैरान हो गए। सीएम ने कहा, “पहले कोई लड़की कपड़ा पहनती थीं जी.. अब कितना बढ़िया हो गया… सब कितना अच्छा कपड़ा पहन रहीं हैं… और बोलती कितना बढ़िया है… पहले नहीं बोल पाती थीं… बहुत अच्छा है… जहां भी जाते हैं, जीविका दीदी का दर्शन करते हैं।”
सारण में भी दिखा असहज माहौल
यह पहली बार नहीं था जब सीएम नीतीश कुमार ने कुछ ऐसा बयान दिया जिससे असहज स्थिति उत्पन्न हुई। इससे पहले सारण जिले में भी एक घटना हुई थी जब मुख्यमंत्री जीविका दीदियों से बातचीत कर रहे थे और अचानक कहने लगे, “हम सभी को माता ने ही पैदा किया है।” इस पर वहां मौजूद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और मंत्री विजय कुमार चौधरी असहज हो गए और कुछ देर के लिए वहां से निकलने की कोशिश करने लगे। सम्राट चौधरी तो यह तक कहने लगे थे, “चलिए न सर, हो गया।”
विपक्ष ने की आलोचना
इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा पर विपक्षी दलों द्वारा लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने तो यह कह दिया कि नीतीश कुमार यात्रा पर नहीं जा रहे हैं, बल्कि “आंख सेंकने” जा रहे हैं। वहीं, तेजस्वी यादव ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की तबियत ठीक नहीं है, और वह थक गए हैं, उन्हें आराम की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा पर जहां एक ओर विकास कार्यों की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी ओर उनके कुछ बयान भी विवादों में आ रहे हैं। हालांकि, यात्रा के दौरान विकास योजनाओं की समीक्षा और सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने की कोशिशें जारी हैं।