पटना डेस्क: बिहार के समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड के बेलारी पंचायत से एक मार्मिक घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग दंपती की अर्थी एक साथ उठी। पति के निधन के कुछ ही मिनटों बाद उनकी पत्नी ने भी दुनिया छोड़ दी। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई और इसे प्रेम व समर्पण की अनूठी मिसाल माना जा रहा है।

पति के जाने के बाद पत्नी ने भी छोड़ी दुनिया

जानकारी के अनुसार, बेलारी पंचायत के वार्ड संख्या-13 निवासी 75 वर्षीय किसान रामदेव का निधन हो गया। उनके जाने से दुखी उनकी 67 वर्षीय पत्नी मुनेश्वरी देवी बुरी तरह टूट गईं। वह पति के पार्थिव शरीर के पास बैठकर रो रही थीं, तभी कुछ ही मिनटों में उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। यह घटना इलाके के लोगों के लिए बेहद भावुक करने वाली थी।

अटूट प्रेम का उदाहरण बना बुजुर्ग दंपती

मृतक रामदेव के बेटे महेश कुमार सिंह ने बताया कि उनके माता-पिता के बीच गहरा प्रेम और लगाव था। पिता के निधन का दुख उनकी मां सहन नहीं कर पाईं और उन्होंने भी प्राण त्याग दिए। इस घटना ने यह साबित कर दिया कि शादी के सात वचनों को उन्होंने जीवनभर निभाया और मरते दम तक एक-दूसरे का साथ दिया।

“पिता के जाने से मां इतनी दुखी थीं कि उन्होंने भी दुनिया छोड़ दी। दोनों का लगाव इतना गहरा था कि वे एक-दूसरे के बिना नहीं रह सके।” महेश कुमार सिंह, मृतक के बेटे

अयोध्या घाट पर अंतिम संस्कार

बुजुर्ग दंपती के दो बेटे हैं। परिवार ने पूरे सम्मान और गाजे-बाजे के साथ दोनों का अंतिम संस्कार किया। पार्थिव शरीर को गंगा किनारे अयोध्या घाट ले जाया गया, जहां बड़े बेटे ने माता-पिता को मुखाग्नि दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here