रांची/झारखंड: झारखंड ट्राइब्स एडवाइजरी काउंसिल (टीएसी) का गठन कर दिया गया है। यह काउंसिल जेटीएसी रूल्स, 2021 के नियम 3 और 4 के तहत गठित की गई है। इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पदेन अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा को पदेन उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
चंपई सोरेन और बाबूलाल मरांडी को मिली जगह
काउंसिल में एसटी कोटे के 15 विधायकों को शामिल किया गया है, जिनमें भाजपा विधायक चंपई सोरेन और बाबूलाल मरांडी भी शामिल हैं। इस 19 सदस्यीय समिति में चंपई सोरेन को 7वां स्थान और बाबूलाल मरांडी को 17वां स्थान दिया गया है। इस संबंध में एसटी, एससी एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
कौन-कौन बने सदस्य?

समिति में स्टीफन मरांडी, आलोक सोरेन, लुईस मरांडी, संजीव सरदार, सोनाराम सिंकू, जगत मांझी, दशरथ गगराई, संदीप गुड़िया, राम सूर्या मुंडा, राजेश कच्छप, जीगा सुसारन होरो, नमन विक्सल कोनगाड़ी और रामचंद्र सिंह को सदस्य बनाया गया है।
इसके अलावा, पूर्वी सिंहभूम के पोटका से जोसाई मार्डी और रांची के सदकनादु से नारायण उरांव को मनोनीत सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
टीएसी की बैठक जल्द होने की संभावना
जल्द ही टीएसी की पहली बैठक आयोजित होने की उम्मीद है, जिसमें पेसा कानून की नियमावली पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस बार भी समिति में कोल्हान प्रमंडल का प्रभाव देखने को मिल रहा है। समिति में कोल्हान के पांच विधायकों को सदस्य बनाया गया है, जिससे क्षेत्रीय संतुलन की झलक मिलती है।