पटना डेस्क: यो यो हनी सिंह ने टी-सीरीज और भूषण कुमार के साथ मिलकर एक और धमाकेदार गाना ‘मैनियाक’ पेश किया है। इस गाने में ग्लैमरस ईशा गुप्ता नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि इसे खुद हनी सिंह ने कंपोज किया है और इसमें पंजाबी के साथ भोजपुरी का तड़का लगाया गया है, जिससे यह दर्शकों के लिए अनोखा अनुभव बन गया है।
पंजाबी संग भोजपुरी का तड़का
अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर इस गाने को शेयर करते हुए हनी सिंह ने लिखा, “कोई नियम नहीं, बस पागलपन!” ‘मैनियाक’ में भोजपुरी वर्जन को रागिनी विश्वकर्मा ने गाया है। साथ ही, हनी सिंह ने मशहूर मेलोडी मास्टर शैल ओसवाल के साथ भी कोलैबोरेट किया है। गाने की खासियत यही है कि इसमें पंजाबी और भोजपुरी का अनोखा मेल है। वहीं, ईशा गुप्ता अपनी दिलकश अदाओं से गाने को और शानदार बना रही हैं।
सोशल मीडिया पर शानदार रिस्पॉन्स
ब्लू आइज, अंग्रेजी बीट, ब्राउन रंग जैसे कई हिट गाने देने वाले हनी सिंह पिछले कुछ सालों से अपनी सेहत के कारण इंडस्ट्री से दूर थे। लेकिन अब उनके फैंस को उनके धमाकेदार कमबैक का इंतजार था। वापसी के बाद उन्होंने कई गाने रिलीज किए और अब ‘मैनियाक’ के साथ उन्होंने एक नया एक्सपेरिमेंट किया है। पंजाबी और भोजपुरी फ्यूजन ने दर्शकों को चौंका दिया है।
फैंस इस गाने की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “इसे कहते हैं कमबैक!” दूसरे ने लिखा, “हनी पाजी, यूपी और बिहार की तरफ से आपका धन्यवाद!” एक अन्य फैन ने कमेंट किया, “आपके जैसा कोई नहीं, यो यो हनी सिंह!”
मिलियनेयर टूर पर निकले हनी सिंह
हाल ही में नेटफ्लिक्स पर हनी सिंह की एक डॉक्यूमेंट्री स्ट्रीम हुई, जिसमें उन्होंने अपने संघर्ष और सफलता की पूरी यात्रा साझा की। इसमें उनके करियर के उतार-चढ़ाव को भी दिखाया गया है।इसके साथ ही, हनी सिंह ने पूरे भारत में अपने मिलियनेयर टूर की शुरुआत कर दी है। इस टूर का पहला कॉन्सर्ट मुंबई में हुआ, जिसके बाद वे दिल्ली, अहमदाबाद, बेंगलुरु और कोलकाता समेत 10 शहरों में परफॉर्म करने वाले हैं।