पटना डेस्क: बढ़ता हुआ एलडीएल यानी खराब कोलेस्ट्रॉल आजकल एक गंभीर समस्या बन चुका है। हर उम्र के लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। असंतुलित खानपान और अनियमित जीवनशैली को इसके मुख्य कारणों में गिना जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि हाई कोलेस्ट्रॉल ‘साइलेंट किलर’ की तरह काम करता है, जिससे हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। इसके कारण मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर और अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रण में रखने के लिए सही खानपान और नियमित व्यायाम बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं, कोलेस्ट्रॉल क्या है और हाई कोलेस्ट्रॉल के 10 संकेत कौन-से हैं।
कोलेस्ट्रॉल क्या होता है?
कोलेस्ट्रॉल एक चिकना, मोम जैसा पदार्थ है, जो कोशिकाओं में मौजूद रहता है। जब यह रक्त धमनियों में प्लाक के रूप में जमने लगता है, तो रक्त प्रवाह में बाधा उत्पन्न होती है। इससे हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी समस्याएं जन्म ले सकती हैं। हालांकि, हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर इसे नियंत्रित किया जा सकता है।
हाई कोलेस्ट्रॉल के 10 प्रमुख लक्षण
1. सीने में दर्द या बेचैनी
अगर एक्सरसाइज करने या किसी गतिविधि के दौरान सीने में दर्द महसूस हो, तो यह हाई कोलेस्ट्रॉल का संकेत हो सकता है।
2. पैरों में ऐंठन या दर्द
लंबे समय तक खड़े रहने या चलते समय पैरों में तेज दर्द या ऐंठन होना भी इस समस्या की ओर इशारा करता है।
3. त्वचा पर पीले जमाव
आंखों, कोहनी और घुटनों के आसपास पीले रंग के जमाव (जैंथोमा) दिखाई देना हाई कोलेस्ट्रॉल की निशानी है।
4. चक्कर आना या माइग्रेन
अचानक चक्कर आना या बार-बार माइग्रेन जैसी समस्या होना भी इसकी पहचान हो सकती है।
5. सांस लेने में कठिनाई
यदि बिना किसी भारी श्रम के भी सांस लेने में दिक्कत होती है, तो यह खराब कोलेस्ट्रॉल का लक्षण हो सकता है।
6. अत्यधिक थकान
अगर बिना किसी कारण के हर समय थकान महसूस हो रही है, तो यह शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ने का संकेत हो सकता है।
7. अपच या पेट में सूजन
भोजन करने के बाद पेट में सूजन या अपच की समस्या होना, कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से संबंधित हो सकता है।
8. हार्ट अटैक के संकेत
अचानक से बैलेंस बिगड़ना, सांस लेने में दिक्कत होना, मतली आना और सीने में दर्द महसूस होना।
9. जबड़े में दर्द
अगर बिना किसी स्पष्ट कारण के जबड़े में दर्द होता है, तो यह हृदय से जुड़ी समस्या की ओर संकेत कर सकता है।
10. गर्दन के पीछे दर्द
गर्दन के पिछले हिस्से में लगातार दर्द रहना भी हाई कोलेस्ट्रॉल के कारण हो सकता है।
किन लोगों को अधिक खतरा होता है?
जिनके परिवार में कोलेस्ट्रॉल की समस्या रही हो
मोटापा या अधिक वजन वाले लोग
ज्यादा सैचुरेटेड और ट्रांस फैट वाला भोजन करने वाले
अत्यधिक शराब का सेवन करने वाले
धूम्रपान करने वाले
जो नियमित व्यायाम नहीं करते
हाई कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने के लिए क्या खाएं?
1. अखरोट
हर दिन नाश्ते में कुछ अखरोट खाने से खराब कोलेस्ट्रॉल को कम किया जा सकता है।
2. बादाम
बादाम अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाते हैं और खराब कोलेस्ट्रॉल को घटाते हैं।
3. जैतून का तेल
यह तेल हृदय के लिए फायदेमंद होता है और शरीर में अच्छे कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाता है।
4. अलसी के बीज
अलसी के बीज ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल कम करने में मददगार हैं।
5. नियमित व्यायाम और योग
सुबह की सैर, एरोबिक व्यायाम और योग से शरीर में अच्छे कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ता है।
6. संतरे का जूस
संतरे में मौजूद फ्लेवोनॉयड्स खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं।
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी केवल जागरूकता के लिए दी गई है। कोई भी उपाय अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य करें।)