नई दिल्ली: पहली बार शालीमार बाग से विधायक बनीं रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। वह सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद राज्य की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं।इसके अलावा, वह हरियाणा मूल की तीसरी नेता हैं जो दिल्ली की सत्ता तक पहुंची हैं। इससे पहले सुषमा स्वराज और अरविंद केजरीवाल भी इसी पृष्ठभूमि से मुख्यमंत्री बने थे।
कैबिनेट में इन 6 विधायकों को मिली जगह

रामलीला मैदान में हुए समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ छह अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्रराज सिंह, कपिल मिश्रा और डॉ. पंकज कुमार सिंह शामिल हैं।इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और विभिन्न भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में भाजपा की वापसी पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जश्न मनाया।
रेखा गुप्ता: एक नजर उनके जीवन पर

नाम: रेखा गुप्ता
जन्म: 19 जुलाई 1974, हरियाणा
शिक्षा: दौलतराम कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से 1995 में बीकॉम
पारिवारिक जानकारी
बेटी विदेश में नौकरी कर रही है, बेटा पढ़ाई कर रहा है।
पति मनीष गुप्ता बीमा क्षेत्र में कार्यरत हैं।
पिता बैंक में मैनेजर थे।
संघ और राजनीतिक सफर
रेखा गुप्ता के पति संघ शाखा में मुख्य शिक्षक रह चुके हैं और विभिन्न दायित्व निभा चुके हैं।
भाजपा की महिला मोर्चा की पहली राष्ट्रीय मंत्री बनीं।वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।सतीश उपाध्याय के प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान प्रदेश महामंत्री की भूमिका निभाई।
चुनावी सफर
2015: पहला विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन 10,978 वोटों से हार गईं।
2020: दूसरी बार चुनाव लड़ा, इस बार 3,440 वोटों से पराजय मिली।
2025: तीसरी बार चुनाव लड़ा और 29,595 वोटों से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया।