मुंबई: इंडियाज गॉट लेटेंट शो में किए गए एक विवादित सवाल को लेकर रणवीर इलाहाबादिया और कॉमेडियन समय रैना की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मामला सोशल मीडिया से अब पुलिस तक पहुंच गया है। एक बार समन भेजने के बाद, मुंबई पुलिस ने समय रैना को दोबारा समन जारी किया है और उन्हें 17 फरवरी को पेश होने का निर्देश दिया गया है।

समय रैना ने मांगा और वक्त

विवाद के बीच समय रैना इस समय अमेरिका में हैं और 17 मार्च तक भारत लौटने वाले नहीं हैं। समय के वकील ने मुंबई साइबर सेल को इसकी सूचना दी और समन के जवाब के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है।इस पूरे विवाद के चलते समय ने अपने शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा: “मैं इस स्थिति को संभाल नहीं पा रहा हूं। मैंने इंडियाज गॉट लेटेंट के सारे वीडियो अपने चैनल से हटा दिए हैं। मेरा मकसद सिर्फ लोगों को हंसाना था। मैं पूरी तरह से जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करूंगा। धन्यवाद।”

कॉमेडियन के खिलाफ दूसरी शिकायत दर्जसमय रैना और रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ अब तक दो एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। इसके अलावा, शो में शामिल 30 अन्य मेहमानों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने सभी को 17 फरवरी को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के दफ्तर में पेश होने के लिए कहा है।

क्या है पूरा मामला?

इंडियाज गॉट लेटेंट शो के लेटेस्ट एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया बतौर गेस्ट शामिल हुए थे। शो के दौरान रणवीर ने एक कंटेस्टेंट से पैरेंट्स की निजी जिंदगी पर अभद्र सवाल किया, जिससे सोशल मीडिया पर बवाल मच गया। लोगों ने रणवीर की जमकर आलोचना की, जिसके बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।

हालांकि, विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। रणवीर और समय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई और अब उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा।

रणवीर इलाहाबादिया ने मांगी माफी

शो के विवादित एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया की टिप्पणी को लेकर कड़ी आलोचना हुई। इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा:”मेरा कमेंट पूरी तरह अनुचित था और वह मज़ाकिया भी नहीं था। मैं कॉमेडियन नहीं हूं, और मुझे इस तरह के जोक्स से बचना चाहिए था। पॉडकास्ट को सभी उम्र के लोग देखते हैं और मैं ऐसा व्यक्ति नहीं बनना चाहता जो इस जिम्मेदारी को हल्के में ले। मैं परिवार जैसी चीजों का अनादर कभी नहीं करूंगा।

“रणवीर ने आगे कहा:”मुझे अपनी पब्लिक प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी को गंभीरता से लेने की जरूरत है। इस पूरी घटना से मैंने यही सीखा है कि मुझे और सावधानी बरतनी चाहिए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here