पटना: मुजफ्फरपुर के कांटी थाने में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत के बाद इलाके में भारी बवाल हुआ। परिजनों और ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी सुशील कुमार ने कड़ा कदम उठाया। उन्होंने कांटी थाना प्रभारी सुधाकर पांडेय समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

SSP ने की त्वरित कार्रवाई

कांटी थाना के हाजत में पुलिस हिरासत में एक आरोपी की मौत के बाद हालात बिगड़ गए। इस घटना के विरोध में गुस्साए लोगों ने थाने में जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने थानाध्यक्ष सुधाकर पांडेय, ओडी ऑफिसर सब-इंस्पेक्टर तनुजा, ड्यूटी पर तैनात चौकीदार निलेश और एक सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

युवक की कस्टडी में संदिग्ध मौत

जानकारी के मुताबिक, कलवारी गांव के रहने वाले शिवम कुमार को चोरी के संदेह में पुलिस ने दो दिन पहले हिरासत में लिया था। शिवम के साथ उसके कुछ दोस्तों को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया था। बुधवार रात उसकी हाजत में मौत हो गई, जिसके बाद मामला तूल पकड़ लिया।

गांववालों का पुलिस पर हत्या का आरोप

शिवम की मौत की खबर मिलते ही कलवारी गांव और आसपास के इलाकों के लोग कांटी थाना पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया और न्याय की मांग करते हुए हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने थाने में तोड़फोड़ कर दी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

इस मामले में एसएसपी की त्वरित कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने के बाद उन्हें निलंबित किया गया है। फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच जारी है, और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here