रांची/गढ़वा: गढ़वा जिले के कूपा गांव में मंईयां सम्मान योजना के तहत भारी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां योजना के लाभार्थियों की राशि एक ही खाते में जमा हो रही है। इस अनियमितता में कंप्यूटर ऑपरेटर का हाथ बताया जा रहा है, जिसके कारण कई महिलाएं योजना का लाभ पाने से वंचित हो गई हैं। डीसी ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

कूपा गांव के लाभार्थियों ने की शिकायत

कूपा गांव में योजना के तहत रजिस्ट्रेशन के दौरान एक महिला के दस्तावेज में गड़बड़ी पाई गई। बैंक खाता किसी दूसरी महिला का जोड़ा गया था। जब महिलाओं ने इसकी जांच की तो पता चला कि कंप्यूटर ऑपरेटर ने आवेदन करने वाली महिलाओं का खाता जोड़ने की बजाय अपनी पत्नी का खाता जोड़ दिया, जिससे योजना की राशि उनकी पत्नी के खाते में जा रही थी।

कंप्यूटर ऑपरेटर पर आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के रजिस्ट्रेशन के समय पंचायत कार्यालय में मौजूद कंप्यूटर ऑपरेटरों ने वास्तविक आवेदकों के बजाय अपने चहेते लोगों का बैंक खाता जोड़ा। ऐसा होने पर कंप्यूटर ऑपरेटर को योजना की आधी राशि मिल रही थी।

पुरुषों के खाते में भी योजना की राशि जा रही है

मामला और भी गंभीर है, क्योंकि कई मामलों में योजना की राशि महिलाओं के खाते में जाने के बजाय पुरुषों के खाते में जा रही है। महिलाएं अपने रजिस्ट्रेशन को लेकर प्रखंड कार्यालय में लगातार चक्कर लगा रही हैं।

कंप्यूटर ऑपरेटरों के खातों में जा रही राशि

गांव के कुछ खातों में कई महिलाओं की योजना राशि जा रही है। जैसे सत्यनारायण गुप्ता के खाते में छह महिलाओं की राशि जा रही है, जबकि सत्येंद्र साह और मुकेश शाह के खाते में भी महिलाओं की राशि जा रही है।

स्थानीय नेताओं ने की जांच की मांग

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ओबेदुल्ला हक अंसारी ने डीसी से इस मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। जेएमएम के प्रखंड अध्यक्ष मिथलेश ने भी प्रशासन से जल्द जांच करने की अपील की है। मुखिया ने भी इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ से चर्चा की है।

डीसी ने दिए जांच के आदेश

गढ़वा के डीसी शेखर जमुवार ने मामले की जानकारी मिलने के बाद सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी को जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ

Bihar Land Survey: नौकरी छोड़कर भाग रहे कर्मचारी, 10 ने दिया इस्तीफा, जानें क्या है वजह?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here