नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई थीं। लेकिन आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि उनकी पार्टी दिल्ली में अकेले ही चुनाव लड़ेगी।
अरविंद केजरीवाल ने अपने X हैंडल पर लिखा, “आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है।”
इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद अटकलें तेज
मंगलवार को शरद पवार के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की बैठक हुई थी, जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि दिल्ली में आप और कांग्रेस साथ आ सकते हैं। इस बैठक के बाद अरविंद केजरीवाल और शरद पवार की मुलाकात ने इन अटकलों को और हवा दी।
आज सुबह एक बार फिर से इस बात की चर्चा शुरू हुई कि दिल्ली चुनाव में बीजेपी को हराने के लिए आप और कांग्रेस साथ आ सकते हैं। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने इस संभावना को साफ तौर पर नकारते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन का कोई सवाल ही नहीं है।
आप ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अब तक दो सूचियां जारी की हैं। पहली सूची में 11 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए थे, जबकि सोमवार को जारी दूसरी सूची में 20 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए। पार्टी प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक रही है। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल खुद लोगों से मुलाकात कर उनके मुद्दे समझ रहे हैं। दूसरी तरफ, बीजेपी भी आप पर हमलावर है। कल बीजेपी ने ‘शीशमहल’ के मुद्दे पर केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए एक वीडियो जारी किया और एक चार्जशीट तैयार कर जनता के सामने रखी।
बीजेपी ने किया AAP पर हमला
बीजेपी ने दावा किया है कि इस बार दिल्ली को “आप मुक्त” किया जाएगा। बीजेपी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात कर रही है। वहीं, अरविंद केजरीवाल की टीम ने इन आरोपों का जवाब देते हुए बीजेपी पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया।
दिल्ली चुनावों से पहले राजनीतिक समीकरणों में हलचल तेज है, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ किसी भी गठबंधन के बिना अकेले चुनाव लड़ेगी।































