पटना: बिहार के गया स्थित प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी के पीछे धनबाद के कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का नाम सामने आया है। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं, और मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आईएसआई का जिक्र, पत्र में धमकी
महाबोधि मंदिर प्रबंधन समिति को भेजे गए पत्र में प्रिंस खान ने आईएसआई का नाम लेते हुए मंदिर को उड़ाने की धमकी दी। इस चिट्ठी ने पुलिस और प्रशासन को अलर्ट पर ला दिया है।
प्रिंस खान पर पहले से कई आरोप
प्रिंस खान धनबाद का कुख्यात बदमाश है, जो वर्ष 2021 से जमीन कारोबारी नन्हे की हत्या के मामले में फरार चल रहा है। वह पहले से ही व्यापारियों को धमकाकर रंगदारी मांगने के लिए कुख्यात है।
पुलिस की कार्रवाई
मंगलवार को गया पुलिस की एक टीम धनबाद पहुंची और प्रिंस खान के घर की तलाशी ली। पुलिस ने उसकी संपत्तियों और अन्य ठिकानों की जांच शुरू कर दी है।
दुबई में छिपा हो सकता है प्रिंस खान
प्रिंस खान पर पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी हो चुका है, और उसका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया है। पुलिस को शक है कि वह वर्तमान में दुबई में छिपा हुआ है।
धमकी के पीछे असली चेहरा तलाश रही पुलिस
बिहार पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह धमकी प्रिंस खान ने खुद दी है या किसी ने उसका नाम इस्तेमाल किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से जारी है।
































