पटना: शुक्रवार को बीपीएससी अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने विरोध जताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। किसी भी मुद्दे पर प्रदर्शन करना छात्रों का अधिकार है, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय लाठीचार्ज कर रही है।

युवाओं के साथ अन्याय

राबड़ी देवी ने कहा कि एक तरफ सरकार युवाओं को रोजगार देने की बात करती है, तो दूसरी तरफ इस तरह की घटनाओं को अंजाम देती है। यह कहीं से भी उचित नहीं है। छात्रों के हितों की अनदेखी करना सरकार की नीति का हिस्सा बन गया है।

सदन में चर्चा से इनकार

राबड़ी देवी ने कहा, “हमने छात्रों की समस्याओं पर सदन में चर्चा करवाने की मांग की, लेकिन सरकार ने बहस करने से मना कर दिया। इससे पहले सिपाही अभ्यर्थियों की मांग पर भी चर्चा हुई थी। बीपीएससी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी लगातार ट्वीट और चर्चा की। इसके बावजूद सरकार ने हमारी बात नहीं सुनी।”

छात्रों की मांगें पूरी करे सरकार

पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा, “बिहार के छात्र अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कहां जाएं? सरकार को उनकी मांगों पर विचार करना चाहिए।” राबड़ी देवी ने लाठीचार्ज की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए छात्रों के प्रति सरकार के रवैये को गलत ठहराया।

सदन में छात्र हित पर चर्चा का अभाव

राबड़ी देवी ने कहा कि विपक्ष ने कई बार सदन में छात्रों के हितों पर चर्चा की मांग की, लेकिन सरकार ने इसे नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा, “युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रही है, जिसे बिहार की जनता देख रही है।”

70वीं बीपीएससी में नॉर्मलाइजेशन नहीं

बीपीएससी अभ्यर्थी पटना में नॉर्मलाइजेशन की मांग को लेकर आंदोलनरत थे। इस पर बीपीएससी अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नॉर्मलाइजेशन 70वीं बीपीएससी के लिए नहीं बल्कि 71वीं बीपीएससी के लिए लागू होगा। उन्होंने इसे मात्र अफवाह बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here