पटना: नीति आयोग ने देश के 112 जिलों को अल्प विकसित आकांक्षी जिलों की श्रेणी में रखा है। केंद्र सरकार ने 2018 में आकांक्षी जिला कार्यक्रम शुरू किया था। इसमें बिहार के 13 जिले शामिल हैं। इस बार जारी रैंकिंग में बेगूसराय जिला देश में पहले स्थान पर आया है।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने दी जानकारी
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने यह जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “बेगूसराय ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। नीति आयोग की रैंकिंग में देशभर के 112 आकांक्षी जिलों में पहला स्थान मिला। एनडीए सरकार की नीतियों और जनसहयोग से यह सफलता संभव हुई।”
2018 से लागू आकांक्षी जिला कार्यक्रम
यह योजना 2018 में लागू हुई थी। इसमें बिहार के कटिहार, बेगूसराय, शेखपुरा, अररिया, खगड़िया, पूर्णिया, औरंगाबाद, बांका, गया, जमुई, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और नवादा जिले शामिल हैं। इस योजना के तहत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संरक्षण, वित्तीय प्रबंधन और आधारभूत संरचना के विकास पर विशेष जोर दिया जाता है। स्कूलों की आधारभूत संरचना और लाइब्रेरी सुविधाओं का विकास इसमें प्राथमिकता है।
































