पटना: बिहार विधान मंडल में आज भी विपक्षी विधायकों ने स्मार्ट मीटर और आरक्षण के मुद्दे पर जमकर हंगामा किया। इसी बीच, विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सदन के बाहर एक बार फिर स्मार्ट मीटर का मुद्दा उठाया। राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के जरिए जनता को ठगा जा रहा है और यह एक बड़ा घोटाला है।

“स्मार्ट मीटर में हुई है बेइमानी”

राबड़ी देवी ने कहा, “स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी हुई है और इसके नाम पर जनता से धोखा किया गया है। सरकार इस मुद्दे पर झूठ बोल रही है। हम जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनते हैं और उन्हीं के सवालों को लेकर सदन में आवाज उठा रहे हैं।”

“जनता को ठग रही है सरकार”

राबड़ी देवी ने कहा, “अगर सरकार यह कह रही है कि हम बेवजह स्मार्ट मीटर का मुद्दा उठा रहे हैं, तो मैं उन्हें सुझाव देती हूं कि वे जनता के बीच जाकर उनकी शिकायतें सुनें। आपको पता चल जाएगा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर कितना बड़ा घोटाला हो रहा है। हम केवल जनता के हित में यह मामला उठा रहे हैं।”

“स्मार्ट मीटर बंद करने की मांग”

उन्होंने कहा, “जनता की मांग है कि स्मार्ट मीटर को बंद किया जाए। हम जनता के प्रतिनिधि हैं और उनकी आवाज उठाने का काम कर रहे हैं। सरकार अपनी गलतियों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है और जनता को मूर्ख बनाकर धोखा दे रही है।”

राजद की 2025 में वापसी पर प्रतिक्रिया

2025 में राजद की सत्ता में वापसी को लेकर सत्ता पक्ष के दावे पर राबड़ी देवी ने कहा, “यह वक्त आने पर देखा जाएगा। फिलहाल इतना जरूर है कि हम इतनी आसानी से हार मानने वाले नहीं हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here