रांची/झारखंड: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को तिसरी प्रखंड के अपने गांव कोदाईबांध में स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने से पहले उन्होंने मंदिर जाकर बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए और जलार्पण किया। पूजा के बाद अपनी माता का आशीर्वाद लिया और फिर बूथ पर पहुंचकर मतदान किया।

वोट डालने के बाद बाबूलाल मरांडी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पहले चरण के बाद दूसरे चरण में जो प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं, उनसे यह स्पष्ट हो रहा है कि झारखंड की जनता अब परिवर्तन की दिशा में सोच रही है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और जन समर्थन दिख रहा है। वे बोले कि हेमंत सोरेन सरकार की कार्यशैली से लोग नाखुश हैं।

देवघर में निशिकांत दूबे ने किया मतदान

देवघर में गोड्डा के सांसद निशिकांत दूबे ने भी मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि झारखंड में उनकी पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि बीजेपी पहली बार राज्य में अपनी दम पर सरकार बनाएगी। महेशपुर के झामुमो प्रत्याशी और पूर्व उपमुख्यमंत्री स्टीफन मरांडी ने भी मतदान किया। उनका कहना था कि संथाल परगना में 18 में से 16 सीटें एनडीए जीतेगा। वहीं, दुमका में नलिन सोरेन ने वोट डाला और कहा कि झारखंड में फिर से उनकी पार्टी की सरकार बनेगी। नलिन सोरेन ने कहा कि वे हमेशा पहले वोट करने वालों में से रहते हैं।

महगामा में दीपिका पांडेय ने किया मतदान

गोड्डा से कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय ने महगामा में मतदान किया। उन्होंने जनता से अपील की कि वे घरों से बाहर निकलकर वोट करें, क्योंकि एक वोट लोकतंत्र को मजबूत बना सकता है। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बोकारो इंप्लाइज कोऑपरेटिव हाउस कंस्ट्रकिव सोसाइटी लिमिटेड के मतदान केंद्र संख्या 198 पर वोट डाला। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि झारखंड में विकास के मुद्दे पर वोट मांगे गए हैं और इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाया गया है, जिससे जनता फिर से उनकी पार्टी को चुनेगी।

गिरिडीह में सुदिव्य कुमार ने किया मतदान

गिरिडीह विधानसभा सीट से जेएमएम प्रत्याशी सुदिव्य कुमार ने भी मतदान किया। वह अपनी पत्नी के साथ उत्क्रमित मध्य विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और अपना वोट डाला। बोकारो के एनडीए प्रत्याशी बिरंची नारायण ने भी बूथ संख्या 131, आदर्श उच्च विद्यालय सोनाटांड़ में मतदान किया। इस दौरान उनकी पत्नी नीना नारायण भी उनके साथ थीं। बिरंची नारायण ने कहा कि जनता मुझ पर विश्वास करती है और उनका रिश्ता लोगों से अच्छा है, इसलिए उन्हें उम्मीद है कि वे जीत हासिल करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here