नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सुरक्षा में एक बड़ी चूक सामने आई है। यह घटना उस समय हुई जब अमित शाह मुंबई में एक बैठक में शामिल हो रहे थे। इस सुरक्षा चूक के बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसने आरोपित की पहचान 53 वर्षीय शक्ति प्रकाश भार्गव के रूप में की गई है।
क्या है मामला
आरोप है कि आरोपी ने बांद्रा कुर्ला कांप्लेक्स स्थित एक होटल में उच्च सुरक्षा वाले कार्यक्रम में घुसने के लिए फर्जी मीडिया पहचान पत्र का उपयोग किया। यह कोई पहली बार नहीं था जब भार्गव विवादों में आया है। इस बार उसने लाल इमली मिल घोटाले से संबंधित अपनी शिकायतों को लेकर शोर मचाया और गृह मंत्री का ध्यान आकर्षित करने के लिए कागज फेंके। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे काबू में किया और उसे बैठक से बाहर कर दिया। बाद में उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोपों सहित कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी कानपुर के लाल इमली मिल घोटाले से संबंधित अपनी शिकायतों पर कोई कार्रवाई न होने से नाराज था, इसी कारण उसने बैठक में विघ्न डाला। वह लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर सक्रिय था, लेकिन उसे कोई समाधान नहीं मिला। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
एक संवाददाता के अनुसार
कानपुर से जुड़े एक संवाददाता के अनुसार, आरोपी के नाम से जुड़ी कुछ अन्य विवादित घटनाएं भी सामने आई हैं। अप्रैल 2019 में, उसे दिल्ली में भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव पर जूता फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस समय भी उसका आरोप था कि लाल इमली मिल से संबंधित कंपनी बीआईसी में भ्रष्टाचार हो रहा था।



































