पटना: बिहार के पूर्व नगर विकास मंत्री और आरजेडी के वरिष्ठ नेता श्रीनारायण यादव का पटना में बीमारी के कारण निधन हो गया है. श्रीनारायण यादव बिहार के बलिया और साहेबपुरकमाल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक थे और बिहार सरकार में नगर विकास मंत्री के पद पर कार्यरत रहे थे। उनका निधन एक बड़ी राजनीतिक और सामाजिक क्षति मानी जा रही है।
श्रीनारायण यादव का राजनीतिक सफर
श्रीनारायण यादव ने 1980 में पहली बार बलिया विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 1990 से 2005 तक लगातार नगर विकास मंत्री के रूप में कार्य किया। उनकी कार्यशैली और जनता के बीच लोकप्रियता ने उन्हें राज्य राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान दिलाया। हालांकि, 2005 के बाद उन्होंने दो बार विधानसभा चुनाव में हार का सामना किया, लेकिन 2014 में हुए उपचुनाव में साहेबपुरकमाल विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की और 2020 तक विधायक बने रहे।
निधन की खबर से शोक की लहर
उनके निधन की खबर के बाद से उनके समर्थक और कार्यकर्ता सोमवार रात से ही उनके साहेबपुरकमाल स्थित उषा भुजंगी कॉलेज में एकत्र होने लगे हैं। वे श्रीनारायण यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने और अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे। उनका पार्थिव शरीर बुधवार को साहेबपुरकमाल लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उनके बेटे सतानंद सम्बुद्ध उर्फ ललन यादव ने साहेबपुरकमाल विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में राजनीतिक उत्तराधिकार संभाल लिया है। श्रीनारायण यादव की राजनीति और उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
ताजस्वी यादव ने व्यक्त की संवेदना

ताजस्वी यादव ने लिखा बिहार सरकार के पूर्व मंत्री, 9 बार के विधायक वरिष्ठ राजद नेता आदरणीय श्रीनारायण यादव जी के निधन पर संवेदना व्यक्त करता हूँ।
तेजस्वी यादव ने आगे लिखा वे एक कर्मठ, कुशल, प्रतिबद्ध, सामाजिक न्याय व समाजवाद के मूल्यों पर अड़िग उत्कृष्ट राजनेता थे।
दुःख की इस घड़ी में पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनके समर्थकों, शुभचिंतकों व परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूँ। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। उनका निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
विनम्रता तथा दयाभाव के साथ वे हमेशा समाज की सेवा करते रहे। उनके अच्छे कार्यों के लिए उन्हें सदैव याद रखा जाएगा।