पटना: लैंड फॉर जॉब स्कैम में लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में लालू यादव, तेजस्वी और तेजप्रताप यादव समेत आठ आरोपियों को पेश किया गया, और सभी को जमानत मिल गई। ईडी की सप्लीमेंट्री चार्जशीट के संदर्भ में कोर्ट ने इन सभी को पेश होने का निर्देश दिया था, जिसके बाद सभी लोग उपस्थित हुए।
आज सुबह 10 बजे लालू परिवार की पेशी हुई, जिसमें तेजप्रताप यादव पहली बार कोर्ट में आए। कोर्ट ने सभी आरोपियों को एक-एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी।
बताया जा रहा है कि दिल्ली की ईडी स्पेशल राउज एवेन्यू कोर्ट ने 8 लोगों को पेश होने का समन भेजा था। जिन आरोपियों को समन भेजा गया था, उनमें पूर्व रेल मंत्री लालू यादव, उनके बेटे तेजस्वी और तेजप्रताप के अलावे अखिलेश्वर सिंह, हजारी प्रसाद राय, संजय राय, धर्मेंद्र सिंह और किरण देवी शामिल हैं। वहीं, आज अदालत ने 1-1 लाख के निजी मुचलके पर सभी आरोपियों को जमानत दे दी है।
जानकारी के लिए बता दें कि जमीन के बदले नौकरी का यह मामला 2004 से 2009 के बीच का है, जब लालू यादव केंद्र की मनमोहन सिंह सरकार में रेल मंत्री थे। उन पर आरोप लगा कि रेल मंत्री रहते हुए उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग किया और रेलवे में ग्रुप डी में कई लोगों को जमीन के बदले नौकरी दी। पिछले महीने कोर्ट ने इस मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी। इस मामले में कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया है। जबकि इस केस से जुड़े हुए मामले में तीन की मौत हो चुकी है।



































