CM नीतीश कुमार
CM नीतीश कुमार

पटना: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दावा किया कि 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 220 से अधिक सीटें जीतेगी। जदयू की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में, उन्होंने कहा कि 2005 के बाद उनकी सरकार ने समाज के हर वर्ग के हित में काम किया है। उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के विकास के लिए कई योजनाओं का जिक्र किया, जिनका लाभ गरीब अल्पसंख्यकों को मिला है।

स्वास्थ्य क्षेत्र के सुधारों की चर्चा करते हुए नीतीश कुमार ने बताया कि 2005-06 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की औसत संख्या 39 थी, जो अब बढ़कर 11,000 हो गई है।

महिलाओं के सशक्तिकरण के संदर्भ में, उन्होंने जीविका समूह की उपलब्धियों का उल्लेख किया, जिसके माध्यम से 1.31 करोड़ महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। उन्होंने बताया कि राज्य की महिलाओं को पंचायती राज और स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है और सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान 2016 से लागू है।

नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में सात निश्चय-2 की बात की और कहा कि 2020 में 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार की बात कही गई थी, जो अब 2025 तक 12 लाख नौकरियों और 34 लाख रोजगार तक पहुंचने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने जदयू की राज्य कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के प्रति इस बात को ले आभार प्रकट किया कि बिहार को विशेष आर्थिक सहायता मिली है। मुख्यमंत्री ने राजद पर प्रहार करते हुए कहा कि हम पूरे बिहार को अपना परिवार मानते हैं जबकि कुछ लोगों की सोच अपने बेटे बेटियों तक सीमित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here