tejaswi yadav
tejaswi yadav

पटना: बिहार में अपराधियों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। हर दिन हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से क्राइम बुलेटिन जारी किया है और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। खासतौर पर उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा निशाना साधा है।

तेजस्वी यादव ने पटना में बीजेपी नेता की हत्या के मामले में राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि बिहार में सत्ता संरक्षण में अपराध फल-फूल रहा है। अपराधी जब चाहें, जहां चाहें, किसी को भी गोली मारकर भाग जाते हैं। तेजस्वी ने कहा कि सत्ता के संरक्षण में अपराधियों की हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि वे खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं। वीडियो में भी देखा जा सकता है कि अपराधी बीजेपी नेता को गोली मारकर भाग रहे हैं। NDA के नेता इस बेलगाम अपराध से बेखबर हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरी तरह असमर्थ दिख रहे हैं।

वहीं, पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र के चौक शिकारपुर इलाके में बीजेपी नेता श्याम सुंदर उर्फ मुन्ना शर्मा की हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन हुआ। माले कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी सड़क पर उतर आए, आगजनी की और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। वे सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं और हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सड़क जाम के कारण यातायात प्रभावित हुआ है और लंबी कतारें लग गई हैं। प्रदर्शनकारी आरोप लगा रहे हैं कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और अपराधी हत्या और लूट की घटनाएं अंजाम दे रहे हैं। इससे बिहारवासियों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया है कि कहीं उनके साथ भी कोई अनहोनी घटना न घट जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here