पटना: बिहार में 20 अगस्त से शुरू हुए भूमि सर्वे के काम ने लोगों के बीच कई सवाल और चिंताएं पैदा कर दी हैं। दस्तावेज जुटाने में कठिनाई का सामना कर रहे नागरिक प्रखंड और जिला कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं और इससे सरकार के प्रति उनकी नाराजगी बढ़ गई है। इस बीच, खबरें आ रही हैं कि पार्टी नेताओं से मिली प्रतिक्रियाओं के बाद सरकार इस सर्वे को कुछ महीनों के लिए स्थगित करने पर विचार कर रही है और मुख्यमंत्री किसी भी समय इस पर अंतिम निर्णय ले सकते हैं।
लोगों को हो रही कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए, सरकार इस सर्वे को टालने पर विचार कर सकती है, और कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फैसले को पूरी तरह से वापस भी लिया जा सकता है। लोगों की नाराजगी और आगामी विधानसभा चुनाव पर इसके संभावित प्रभाव को देखते हुए, सत्ताधारी गठबंधन इस मुद्दे पर गहराई से विचार कर रहा है। जेडीयू और बीजेपी के नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सूचित किया है कि सर्वे के कारण लोगों में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है, जो चुनावों में सत्ताधारी दल को नुकसान पहुँचा सकता है।
राजस्व और भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने लोगों को आश्वस्त किया था कि सर्वे का उद्देश्य उनकी जमीनें छीनना नहीं है, बल्कि उन्हें राहत प्रदान करना है। दूसरी ओर, जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने इसे नीतीश कुमार के लिए एक बड़ी गलती बताया और कहा कि यह उनकी सरकार के लिए आखिरी झटका साबित हो सकता है, जो बिहार के लोग उन्हें सत्ता से बाहर कर देंगे।
ALSO READ
तेजस्वी यादव का तंज, “नीतीश कुमार से बिहार नहीं संभल रहा; कहा- इधर-उधर में मस्त-व्यस्त और पस्त हैं



































