पटना: जदयू के प्रदेश प्रवक्ता ई. अभिषेक झा को तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया, जिसके बाद ई. अभिषेक झा चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद ई. अभिषेक झा के घर जाकर चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की, जिसकी जानकारी झा ने साझा की।
ई. अभिषेक झा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बताया कि आज दोपहर 12 बजे के आसपास, जब वह अपने अभिभावक आदरणीय देवेश चंद्र ठाकुर के साथ मुख्यमंत्री आवास जाने वाले थे, ताकि उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा की जा सके, तभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद देवेश चंद्र ठाकुर के घर पहुंच गए।
झा ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि बिहार के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आशीर्वाद मिला। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री ने NIT पटना से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी, और उन्हें भी वहीं से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई का अवसर मिला। उनका मानना है कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से उनकी जीत निश्चित है।
झा ने यह भी जानकारी दी कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव 2024 के लिए मतदाता सूची में नाम जोड़ने का पहला चरण पूरा हो चुका है। पार्टी और गठबंधन के सहयोगियों ने इस प्रक्रिया में खूब मेहनत की, और बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन किया है, जो उनके लिए उत्साहवर्धक है।
बता दें कि देवेश चंद्र ठाकुर के सांसद बनने के कारण यह सीट रिक्त हुई थी। नियमों के अनुसार, इस पद के रिक्त होने के छह महीने के भीतर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करनी होती है, और यह अवधि 14 दिसंबर को समाप्त हो रही है। इस समय सीमा के भीतर जदयू ने अभिषेक झा का नाम उम्मीदवार के रूप में तय किया है। अभिषेक झा बिहार के प्रमुख शिक्षाविदों में शामिल हैं और जदयू में उन्हें कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल चुकी हैं। वर्तमान में वह पार्टी के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं और हमेशा पार्टी के मुद्दों पर मुखर रहे हैं।



































