रांची/झारखंड: केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ को 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला गंभीर हो गया है। शुक्रवार को संजय सेठ के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसके बाद दिल्ली में एफआईआर दर्ज कराई गई। इस घटना की सूचना झारखंड के डीजीपी को भी दी गई है। दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रांची पहुंचे संजय सेठ ने घटना पर प्रतिक्रिया दी
शनिवार सुबह 9 बजे संजय सेठ दिल्ली से रांची पहुंचे। एक इंटरव्यू में बात करते हुए उन्होंने कहा कि घटना की सूचना दिल्ली पुलिस को दे दी गई है और जांच शुरू हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले उन्हें कभी ऐसी धमकी नहीं मिली थी।
निजी सचिव ने दी जानकारी
संजय सेठ के निजी सचिव संजय पोद्दार ने बताया कि दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। धमकी भरी खबर के बाद संजय सेठ के समर्थक लगातार उनसे संपर्क कर रहे हैं, और उनके आवास पर लोगों का आना-जाना जारी है।
झारखंड पुलिस और एटीएस की कार्रवाई
मामले में झारखंड पुलिस और एटीएस ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है। अब तक दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। दिल्ली पुलिस भी मामले में जांच कर रही है।
लाल सलाम के साथ धमकी भरा संदेश
अज्ञात अपराधियों ने संजय सेठ को लाल सलाम लिखकर धमकी भरा संदेश भेजा। इसमें रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। संदेश में 50 लाख रुपए की मांग की गई थी। यह मैसेज उनके निजी मोबाइल नंबर पर भेजा गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रक्षा राज्यमंत्री ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और डीसीपी ने शुक्रवार को संजय सेठ से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।


































