पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 7 दिसंबर, शनिवार को 2025 के लिए मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया। बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वार्षिक परीक्षा कैलेंडर साझा किया।
मैट्रिक और इंटर परीक्षा की तारीखें घोषित
बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी तक होगी। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा 1 फरवरी से शुरू होकर 15 फरवरी 2025 तक चलेगी। परीक्षाओं के नतीजे मार्च या अप्रैल में घोषित किए जाएंगे।
“इसके बाद सप्लीमेंट्री और विशेष परीक्षाओं का आयोजन होगा। सप्लीमेंट्री परीक्षा का रिजल्ट मई-जून के बीच जारी कर दिया जाएगा। इसके अलावा डीएलएड में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा 27 फरवरी 2025 को होगी,” उन्होंने बताया।
अन्य परीक्षाओं की तारीख
आईटीआई की भाषा परीक्षा 25 और 26 अप्रैल 2025 को आयोजित होगी। सिमुलतला आवासीय विद्यालय में कक्षा 11 की परीक्षा 25 जून को होगी। कक्षा 6 के लिए प्रारंभिक परीक्षा 17 अक्टूबर और मुख्य परीक्षा 20 दिसंबर 2025 को आयोजित होगी।
टॉपर्स के लिए दोगुनी पुरस्कार राशि
2025 में मैट्रिक और इंटर परीक्षाओं के लिए पुरस्कार राशि दोगुनी कर दी गई है।
– टॉपर: ₹2 लाख
– सेकंड टॉपर: ₹1.5 लाख
– थर्ड टॉपर: ₹1 लाख
इंटरमीडिएट के चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाले छात्रों को ₹30,000, और मैट्रिक के चौथे से दसवें स्थान तक के छात्रों को ₹20,000 दिए जाएंगे। इसके साथ सभी टॉपर्स को लैपटॉप भी प्रदान किया जाएगा।
































