रांची/झारखंड: राज्य में विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिला और प्रखंड स्तर तक की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने मंत्रियों को अपने-अपने विभागों और क्षेत्रीय कार्यालयों का दो महीने में मूल्यांकन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया। मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पता चलेगा कि अधिकारी और कर्मचारी कितने प्रभावी तरीके से काम कर रहे हैं।

15-16 एजेंडों पर केंद्रित होगी सरकार की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास को दिशा देने के लिए 15-16 प्रमुख एजेंडों पर काम किया जाएगा। इन बिंदुओं के आधार पर एक व्यापक रूपरेखा तैयार की जाएगी, जो राज्य की दिशा को तय करेगी। उन्होंने कहा कि सभी मंत्री अपने विभागों का गहन मूल्यांकन करेंगे। यह मूल्यांकन सिर्फ रांची तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रखंड और जिला कार्यालयों तक विस्तारित होगा।

प्रमोशन और योजनाओं पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने सरकारी कर्मियों के प्रमोशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की बात भी कही। उन्होंने मंत्रियों को निर्देश दिया कि वे मुख्यालय से लेकर प्रखंड कार्यालय तक सभी योजनाओं और कामकाज का आकलन करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी मंत्री जिला कार्यालयों का दौरा करेंगे और कार्यकुशलता की समीक्षा करेंगे। यह देखा जाएगा कि अधिकारी और कर्मचारी कितनी दक्षता से काम कर रहे हैं।

विभागीय बंटवारे के साथ कैबिनेट का विस्तार

कैबिनेट विस्तार के बाद मुख्यमंत्री ने विभागों का बंटवारा भी कर दिया। प्रोजेक्ट भवन में कैबिनेट बैठक से पहले सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने सहयोगियों के साथ सामूहिक तस्वीर खिंचवाई और बैठक में शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here