पटना: बिहार में भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े पर चुनाव आयोग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। विधानसभा चुनाव के दौरान वोटरों को प्रभावित करने के लिए पैसे बांटने के आरोप में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में तावड़े के साथ-साथ भाजपा उम्मीदवार राजन नाइक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। वसई विरार पुलिस कमिश्नर ने इसकी पुष्टि की और बताया कि तावड़े और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
वायरल हुआ वीडियो पैसे बांटने का आरोप
विनोद तावड़े पर आरोप है कि उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में वोटरों को पैसे बांटे हैं, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाया गया है कि भारी हंगामा हो रहा है और लोग पैसे बांटते हुए दिख रहे हैं। यह घटना नालासोपारा सीट से जुड़ी हुई बताई जा रही है, जहां से भाजपा ने राजन नाइक को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीवीए ने मौजूदा विधायक क्षितिज ठाकुर को चुनावी मैदान में उतारा है।
कांग्रेस ने किया हमला भाजपा पर लगाया आरोप
वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोला है। कांग्रेस ने वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े महाराष्ट्र के एक होटल में पैसे बांटते हुए पकड़े गए हैं। कांग्रेस का कहना है कि तावड़े बैग में भरकर पैसे लेकर गए थे और वहां पर लोगों को बुलाकर पैसे बांट रहे थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता चुनावों में पैसे के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
हंगामा और पैसों के साथ वीडियो में दिखे कार्यकर्ता
वीडियो में दिखाया गया है कि बीवीए कार्यकर्ता हाथों में पैकेट लिए हुए नोटों को दिखा रहे हैं और हंगामा कर रहे हैं। इस दौरान कुछ नोट नीचे भी गिर जाते हैं। वहीं, भाजपा नेता विनोद तावड़े वीडियो में बैठे हुए नजर आते हैं, जबकि बीवीए कार्यकर्ता उन्हें घेरे हुए हंगामा करते दिखते हैं।
विनोद तावड़े का बयान: मैं बूथ मैनेजमेंट के लिए था वहां
विनोद तावड़े ने इन आरोपों पर सफाई दी और कहा कि वह बूथ मैनेजमेंट के काम से वहां गए थे। तावड़े ने कहा, “मैं अपने कार्यकर्ताओं को यह बताने गया था कि वोटिंग के बाद ईवीएम मशीन कैसे सील की जाती हैं। इस दौरान विरोधी पक्ष के कार्यकर्ताओं को लगा कि पैसे बांटे जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि वह पार्टी में 40 साल से हैं और मामले की सच्चाई जल्द ही सामने आ जाएगी। तावड़े ने चुनाव आयोग और पुलिस से इस मामले की जांच की अपील की और कहा कि होटल में सीसीटीवी फुटेज हैं, जिससे पूरी स्थिति साफ हो जाएगी।



































