पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू हुई। प्रश्नकाल के दौरान बेल्ट्रॉन का मुद्दा भी उठा। कांग्रेस विधायक विजयशंकर दूबे के सवाल पर मंत्री विजय चौधरी ने कार्यपालक सहायकों की नियुक्ति से जुड़ी जानकारी दी।
मंत्री विजय चौधरी ने स्पष्ट किया कि कार्यपालक सहायकों की भर्ती बेल्ट्रॉन के माध्यम से की जाती है और इसके लिए परीक्षा आयोजित होती है। विजयशंकर दूबे ने सवाल किया कि क्या बेल्ट्रॉन एक आउटसोर्सिंग कंपनी है? इस पर मंत्री ने बताया कि यह सरकार की ही एक संस्था है।
विधि व्यवस्था पर सवाल, मंत्री ने दिया जवाब
राजद विधायक ललित यादव ने कानून-व्यवस्था से जुड़ा प्रश्न उठाया। उन्होंने पूछा कि जब सबूतों की कमी होती है, तो आरोपी कैसे बरी हो जाते हैं? क्या ऐसे मामलों के लिए कोई विशेष व्यवस्था बनाई गई है? इस पर मंत्री बिजेंद्र यादव ने उत्तर दिया कि सब कुछ ऑनलाइन उपलब्ध है और इसे देखा जा सकता है।
विपक्ष का हंगामा, वॉकआउट
विधायक शकील अहमद खान के सवाल के बाद राजद विधायक समीर कुमार महासेठ ने भी प्रश्न उठाया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें रोक दिया। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने जवाब दिया, लेकिन विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। इसके बाद विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए। विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और कागजात फाड़ते हुए वॉकआउट कर दिया।
प्रश्नकाल में इन विभागों से जुड़े सवालों के जवाब
आज के प्रश्नकाल में गृह विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, उद्योग विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, आईटी विभाग, निर्वाचन विभाग, वाणिज्य कर विभाग, वित्त विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी विभाग, गन्ना उद्योग विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से जुड़े सवालों के उत्तर संबंधित मंत्री या प्रभारी मंत्री दे रहे हैं।