गिरिडीह: कोडरमा पुलिस ने मैट्रिक परीक्षा के पेपर लीक मामले में गिरिडीह से छह लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद सभी को जेल भेज दिया गया और फिर गुरुवार को पुलिस रिमांड पर लिया गया।
आरोपी अंशु कुमार पांडेय था आंदोलन का हिस्सा
पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी अंशु कुमार पांडेय 21 फरवरी को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के आंदोलन में शामिल था। यह जानकारी खुद अंशु ने कोडरमा पुलिस को दी।
क्यों हुआ था आंदोलन?
20 फरवरी को विज्ञान की परीक्षा के बाद यह स्पष्ट हो गया था कि प्रश्न पत्र लीक हुआ है। इसके चलते जैक बोर्ड ने हिंदी और विज्ञान की परीक्षाएं रद्द कर दीं। इसके विरोध में 21 फरवरी को अभाविप ने रांची और गिरिडीह में प्रदर्शन किया। गिरिडीह टावर चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला भी जलाया गया। इसी आंदोलन में अंशु भी मौजूद था।
अभाविप ने आरोपों को किया खारिज
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक उज्जवल तिवारी ने कहा कि वे अंशु कुमार पांडेय को नहीं जानते। उनका संगठन से कोई संबंध नहीं है और वह आंदोलन में कैसे आया, यह कहना मुश्किल है।
जेएमएम ने लगाया सरकार को बदनाम करने का आरोप
जेएमएम के जिला संयोजक सह 20 सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसकी इकाइयां सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि पेपर लीक का आरोपी अभाविप के कार्यक्रम में मौजूद था, तो यह गंभीर मामला है। प्रशासन जांच कर रहा है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।