पटना: बिहार कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी कृष्णा अल्लावरु गुरुवार (20 फरवरी) को पहली बार पटना पहुंचे। पटना हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकता और संघर्ष का महत्व समझाते हुए चुनावी जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भले ही बिहार में कांग्रेस की सरकार वर्षों से नहीं बनी हो, लेकिन पार्टी की पहचान और उसका झंडा अब भी मजबूती से लहरा रहा है।
संघर्ष की कहानी सुनाई, कार्यकर्ताओं को किया प्रेरित
कृष्णा अल्लावरु ने अपने राजनीतिक सफर को साझा करते हुए बताया कि उनके परिवार में पहले कोई राजनीति में नहीं था। जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा, तो शुरुआत में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्हें दरवाजे-दरवाजे भटकना पड़ा और लोगों से मिलने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते रहे।
उन्होंने बताया कि 2015 में पार्टी ने उन्हें पंजाब की जिम्मेदारी दी, जहां उन्होंने गांव-गांव, वार्ड-वार्ड जाकर पार्टी के लिए काम किया। इसका नतीजा यह हुआ कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनी। इसके बाद उन्हें गुजरात भेजा गया, जहां उन्होंने दस महीने तक अथक मेहनत की। हालांकि, वहां कांग्रेस थोड़े अंतर से सरकार बनाने से चूक गई।
संघर्ष करने वालों को मिलेगी प्राथमिकता
कांग्रेस प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि पार्टी में उन्हीं लोगों को प्राथमिकता मिलेगी, जो जमीनी स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं। संगठन में बदलाव पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता मेहनत और समर्पण दिखाएंगे, उन्हें ही टिकट और नेतृत्व में मौका मिलेगा।उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी खुद संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं से उन्होंने पूरी ताकत झोंकने की अपील करते हुए कहा कि “पार्टी का भविष्य पटना के सदाक़त आश्रम में नहीं, बल्कि जनता के बीच तय होगा।”
गुटबाजी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
कांग्रेस प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी में गुटबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, “हर संगठन में मतभेद होते हैं, लेकिन अगर गुटबाजी हद से बाहर गई, तो ऐसे लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने की सलाह दी और कहा कि, “बिहार में जीत हमारी प्राथमिकता है। कोई भी व्यक्ति चाहे कितना भी बड़ा नेता हो, वह अकेले चुनाव नहीं जीत सकता। संगठन में मजबूती और टीम वर्क जरूरी है।”
जल्द करेंगे बिहार का दौरा
कृष्णा अल्लावरु ने घोषणा की कि वे आने वाले हफ्तों में बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब वे पटना में कम और फील्ड में ज्यादा नजर आएंगे।उन्होंने जोश भरते हुए कहा, “हम लड़ेंगे और जीतेंगे। कांग्रेस को कोई दूसरा दल नहीं हरा सकता, अगर कोई कांग्रेस को कमजोर कर सकता है, तो वह खुद कांग्रेस के नेता हैं। हमें अंदरूनी कलह को खत्म कर, पूरी ताकत से लड़ाई लड़नी होगी।”
कार्यकर्ताओं को मिला नया लक्ष्य
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब दिल्ली या पटना के चक्कर लगाने का समय नहीं है। असली शक्ति गांव, पंचायत और वार्ड स्तर पर काम करने में है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, “जोश से नहीं, होश से लड़ाई लड़नी होगी। कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए हमें गांव-गांव जाना होगा, जनता से जुड़ना होगा और संघर्ष करना होगा।”

































