प्रयागराज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाकुंभ 2025 की तैयारियों को लेकर यूपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स (X) पर पोस्ट कर अव्यवस्थाओं को उजागर किया और सरकार से जवाब मांगा। अखिलेश यादव ने लिखा, “लोग घंटों जाम में फंसे हुए हैं, महिलाओं के लिए कोई सुविधा नहीं है, और बेसुध हो रहे श्रद्धालुओं की देखभाल का कोई प्रबंध नहीं है।”

श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी

सपा प्रमुख ने कहा कि श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन की बैटरी खत्म हो रही है, जिससे वे अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। इससे घबराहट और परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि मौके पर कोई जिम्मेदार मंत्री या अधिकारी नहीं दिख रहा।

भाजपा श्रद्धालुओं को ठहरा रही जिम्मेदार

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा अब श्रद्धालुओं को ही दोषी ठहरा रही है। उन्होंने कहा कि जब सरकार को अव्यवस्थाओं की जानकारी थी, तो उसे पहले ही उचित प्रबंध करने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महाकुंभ को भव्य बताने में लगी रही, लेकिन हकीकत इससे अलग है।

सफाईकर्मियों की बदहाली

सपा अध्यक्ष ने सफाईकर्मियों और कर्मचारियों की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वे भूखे-प्यासे दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन उनके लिए कोई व्यवस्था नहीं है। अधिकारियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे केवल आदेश दे रहे हैं, लेकिन जमीन पर हालात सुधारने के लिए कोई सक्रिय नहीं है।

प्रयागराज को मिला सिर्फ जाम, गंदगी और महंगाई

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रयागराज के लोगों को इस महाकुंभ से कोई लाभ नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि शहरवासियों को सिर्फ जाम, गंदगी और महंगाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि वे प्रदेश की समस्याओं को छोड़कर दूसरे राज्यों और विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here