हजारीबाग: हजारीबाग जिले के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय जेल भेज दिया गया। इससे पहले उन्हें शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी चिकित्सीय जांच हुई। जांच के बाद, उन्हें कोर्ट में प्रस्तुत किया गया।
पत्नी की हत्या का आरोप
पूर्व एसडीओ अशोक कुमार पर उनकी पत्नी अनिता देवी की हत्या का आरोप है। पहली बार उन्होंने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि हर सिक्के के दो पहलू होते हैं और अब तक सिर्फ एक पक्ष का प्रचार किया गया है। साथ ही, उन्होंने अपनी पत्नी के बारे में ज्यादा कुछ न कहते हुए बस यही कहा कि वे दिवंगत आत्मा की शांति के लिए कुछ नहीं बोलना चाहते।
अधिवक्ता की प्रतिक्रिया
अशोक कुमार के अधिवक्ता राजकुमार राजू ने बताया कि उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस जब किसी को गिरफ्तार करती है, तो उसे कोर्ट में पेश करना अनिवार्य होता है, और इसी प्रक्रिया के तहत अशोक कुमार को अदालत लाया गया। उन्होंने आगे कहा कि यदि अशोक कुमार चाहेंगे, तो उनकी जमानत के लिए आवेदन दिया जाएगा।
41 दिनों से थे फरार
पूर्व एसडीओ अशोक कुमार पिछले 41 दिनों से फरार थे। अंततः हजारीबाग लोहसिंघना थाना पुलिस और उसकी टीम ने उन्हें रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद, पूरी टीम रातभर चरही गेस्ट हाउस में रही। सोमवार सुबह करीब 10 बजे मेडिकल जांच के बाद, उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच हजारीबाग कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।