नई दिल्ली: उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (NCH) प्रणाली को लागू किया है। यह हेल्पलाइन हिंदी, अंग्रेजी, कश्मीरी, पंजाबी, नेपाली, गुजराती, मराठी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल, मलयालम, मैथिली, संथाली, बंगाली, ओडिया, असमिया और मणिपुरी सहित 17 भाषाओं में उपलब्ध है। यह सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक, सभी दिनों में कार्यरत रहती है।

शिकायतों का हो रहा त्वरित निपटारा

एनसीएच प्रणाली के माध्यम से क्षेत्रवार विश्लेषण किया जाता है। इसकी कार्यक्षमता में सुधार के कारण प्राप्त कॉलों की संख्या में 10 गुना वृद्धि हुई है। दिसंबर 2015 में जहां यह संख्या 12,553 थी, वहीं दिसंबर 2024 में यह 1,55,138 तक पहुंच गई। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अनुसार, यह वृद्धि उपभोक्ताओं के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

आंकड़ों की तस्वीर2017 में जहां हर महीने 37,062 शिकायतें दर्ज की जाती थीं, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 1,12,468 हो गई। मंत्रालय ने बताया कि डिजिटल माध्यम से दर्ज की जाने वाली शिकायतों की औसत संख्या वित्त वर्ष 2023-24 में 54,893 से बढ़कर दिसंबर 2024 तक 68,831 हो गई। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन का उपयोग करें।

शिकायतों के समाधान में आई तेजी

2023 में जहां औसत समाधान समय 66.26 दिन था, वहीं 2024 में यह घटकर 48 दिन हो गया। इससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का तेजी से समाधान संभव हुआ है। विशेष रूप से शिक्षा जैसे क्षेत्रों में शिकायतों को शीघ्र हल किया गया, जिससे यह पहल अत्यधिक प्रभावी साबित हुई।

उपभोक्ताओं को मिल रहा लाभ

कंपनी ने रिफंड किया पैसा: पश्चिम बंगाल के एक उपभोक्ता को उसकी इंटरनेट सेवा के लिए रिफंड प्राप्त करने में कठिनाई हो रही थी। एनसीएच में शिकायत करने के बाद, कंपनी ने तुरंत रिफंड जारी कर दिया।

ई-कॉमर्स सेक्टर में बढ़ा विश्वास: कर्नाटक के एक उपभोक्ता ने ऑनलाइन खरीदे गए खराब उत्पाद की शिकायत की। एनसीएच के हस्तक्षेप के बाद, उसे नया उत्पाद प्रदान किया गया।

कंपनी ने मांगी माफी: राजस्थान के एक ग्राहक ने खराब उत्पाद की शिकायत की थी। एनसीएच की सहायता से उत्पाद को बदला गया और कंपनी ने उपभोक्ता से माफी मांगी।

बैंक ने राशि को अनफ्रिज किया: दिल्ली के एक उपभोक्ता के खाते की राशि फ्रीज कर दी गई थी। एनसीएच की मदद से बैंक ने खाते को पुनः सक्रिय कर दिया।

मुआवजा दिलाया गया: तेलंगाना में एक उपभोक्ता से सिलेंडर के लिए एमआरपी से अधिक राशि वसूली गई थी। शिकायत करने पर उसे मुआवजा दिया गया।शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रियाकिसी भी उत्पाद या सेवा से संबंधित शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 1915 पर कॉल करें।

शिकायत दर्ज करने के लिए अन्य विकल्प भी उपलब्ध हैं:

व्हाट्सएप: 8800001915

एसएमएस: 8800001915

ईमेल: nch-ca[at]gov[dot]in

वेबसाइट: consumerhelpline.gov.in

एनसीएच ऐप और उमंग ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।

राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए एक प्रभावी मंच बन गई है। इससे न केवल उपभोक्ताओं को न्याय मिल रहा है, बल्कि ऑनलाइन और ऑफलाइन खरीदारी में उनका विश्वास भी बढ़ा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here