नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन जल्द ही करेगी और इस संबंध में तारीख तय कर ली गई है। BJP सूत्रों के अनुसार, पार्टी के अध्यक्ष का चुनाव 10 फरवरी से 20 फरवरी के बीच होने की संभावना है। वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली चुनावों तक पार्टी की अगुवाई करते रहेंगे। नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2024 में समाप्त हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उनका कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया था।
बीजेपी के संगठनात्मक चुनाव शुरू
दरअसल, बीजेपी के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद के सदस्य अभी चुने जा रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले राज्यों की इकाइयों में से कम से कम 50% को अपना संगठनात्मक चुनाव पूरा करना होगा। अब तक केवल चार राज्यों ने अपने राज्य अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि संगठनात्मक चुनाव अपने तय समय पर हो रहे हैं और यह समय पर पूरे हो जाएंगे।
नए अध्यक्ष का चयन पीएम मोदी और RSS प्रमुख की मंजूरी से
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत की मंजूरी से होगा। इस दौड़ में कई नेताओं के नाम सामने आए हैं, हालांकि बीजेपी की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, शिवराज सिंह चौहान और पार्टी महासचिव विनोद तावड़े के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इसके अलावा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम भी सियासी गलियारों में लिया जा रहा है। हालांकि, विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ भूपेंद्र यादव के नामों की संभावना अधिक मानी जा रही है।
बीजेपी के संविधान के अनुसार अध्यक्ष का चयन
पार्टी के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष वही बन सकता है जो कम से कम 15 साल से पार्टी का सदस्य रहा हो। इससे पहले, 2010 से 2013 तक नितिन गडकरी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे थे। राजनाथ सिंह 2005 से 2009 तक और फिर 2013 से 2014 तक पार्टी के अध्यक्ष रहे। 2014 से 2020 तक अमित शाह ने पार्टी की कमान संभाली थी।
ALSO READ
वक्फ संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान हंगामा, संयुक्त संसदीय समिति की बैठक में उठा विवाद
































