पटना: बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुंगेर, पूर्णिया, नालंदा खुला विश्वविद्यालय और बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में नए कुलपतियों की नियुक्ति की है। इस पर फैसला लेने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सुबह राजभवन पहुंचे थे। मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद इन नए कुलपतियों के नामों का एलान कर दिया गया है।

राजभवन ने दी नियुक्तियों की जानकारी

राजभवन की ओर से जानकारी दी गई कि चार विश्वविद्यालयों में नए कुलपति नियुक्त किए गए हैं। मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में प्रो. संजय कुमार, पूर्णिया विश्वविद्यालय के लिए प्रो. विवेकानंद सिंह, नालंदा खुला विश्वविद्यालय में प्रो. रविंद्र कुमार और बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में डॉक्टर इंद्रजीत सिंह को कुलपति नियुक्त किया गया है। ये नियुक्तियां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से परामर्श के बाद की गई हैं।

आरिफ मोहम्मद खान का पहला बड़ा निर्णय

बिहार में राज्यपाल के रूप में आरिफ मोहम्मद खान का यह पहला बड़ा निर्णय है, जिसमें चार प्रमुख विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति की गई है।

अटकलों का हुआ अंत

आज सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक मुख्यमंत्री आवास से निकलकर राजभवन पहुंचे, जिसके बाद सियासी हलकों में सत्ता परिवर्तन और कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं कि आखिरकार सीएम नीतीश राजभवन क्यों गए। लेकिन अब सभी अटकलों पर विराम लग चुका है और असल कारण सामने आ गया है, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि सीएम नीतीश कुमार सुबह-सुबह राजभवन क्यों पहुंचे थे।

राजभवन में मुख्यमंत्री की इस अचानक यात्रा ने कई सवाल उठाए थे, लेकिन अब यह साफ हो चुका है कि सीएम नीतीश का वहां जाना किसी सियासी परिवर्तन या कैबिनेट विस्तार से संबंधित नहीं था। इस बीच, सियासी गलियारों में उठ रही चर्चा ने लंबे समय तक राजनीति की दिशा को प्रभावित किया, लेकिन अब वह कारण सामने आ चुका है जो उनकी यात्रा का असल उद्देश्य था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here