नई दिल्ली: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से हरियाणा और देश की राजनीति में शोक का माहौल है। ओम प्रकाश चौटाला सात बार विधायक और पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में गहरा शोक उत्पन्न कर दिया है।
चौधरी देवीलाल के बेटे थे ओम प्रकाश चौटाला
ओम प्रकाश चौटाला हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के पुत्र थे। उनका जन्म 1 जनवरी 1935 को सिरसा जिले के चौटाला गांव में हुआ था। वे हरियाणा के 7वें मुख्यमंत्री रहे। उनके पिता देवीलाल ने हरियाणा राज्य की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी। देवीलाल न केवल हरियाणा के मुख्यमंत्री बने, बल्कि भारत के उप प्रधानमंत्री भी रहे।
हरियाणा के विकास में निभाई अहम भूमिका
ओम प्रकाश चौटाला ने हरियाणा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे ग्रामीण इलाकों और किसानों के हितैषी नेता माने जाते थे। सत्ता में हो या विपक्ष में, उनकी नीतियों और भाषणों में हमेशा किसानों और ग्रामीणों की प्राथमिकता दिखाई देती थी। उन्हें हरियाणा के सबसे सक्रिय नेताओं में से एक माना जाता था।
कार्डियेक अरेस्ट से हुआ निधन
ओम प्रकाश चौटाला का निधन कार्डियेक अरेस्ट के कारण हुआ। उन्हें आखिरी बार 5 अक्टूबर को हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान सिरसा के एक पोलिंग बूथ पर देखा गया था। वे वोट डालने के लिए वहां पहुंचे थे। उनके निधन से हरियाणा की राजनीति में एक युग का अंत हो गया है।