पटना: राज्यसभा में अमित शाह (Amit Shah) के अंबेडकर संबंधी बयान को लेकर बिहार में राजनीतिक घमासान जारी है। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) द्वारा अमित शाह को चोर कहे जाने के बाद बीजेपी (BJP) ने कड़ा रुख अपनाया है। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) ने लालू पर तीखा हमला करते हुए उन्हें बिहार की राजनीति का बदनुमा दाग करार दिया। उन्होंने लालू को लेकर कई तल्ख बातें कहीं।

सम्राट चौधरी का लालू पर तीखा हमला

लालू प्रसाद पर पलटवार करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू यादव खुद एक राजनीतिक चोर साबित हो चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि लालू जैसे व्यक्ति अमित शाह को क्या बोलेंगे? उन्होंने कहा, “लालू तो वही हैं जिन्होंने बिहार के खजाने को लूटा और गरीबों के पैसे का गबन किया। एक पंजीकृत अपराधी होकर वह देश के गृह मंत्री को अपशब्द कह रहे हैं।”

डिप्टी सीएम ने आगे कहा, “जिस राज्य में लालू जैसा अपराधी होगा, वह राज्य तरक्की नहीं कर सकता। यह बिहार का दुर्भाग्य है कि यहां के लोग लालू जैसे नेता को सहन कर रहे हैं। जेल से बाहर आने के बाद भी वह राजनीति करने और गाली-गलौज में जुटे हुए हैं।”

लालू को बताया लोकतंत्र का हत्यारा

सम्राट चौधरी ने लालू के परिवारवाद पर भी निशाना साधते हुए कहा, “लालू तो 90 के दशक में कहते थे कि रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होगा, लेकिन बाद में खुद रानी, राजकुमार और फिर राजकुमारी लेकर आ गए। अब सवाल है कि वह और किसे लाएंगे? लालू प्रसाद ने बिहार में लोकतंत्र की हत्या की है।”

अमित शाह पर लालू का बयान

अमित शाह के बयान को लेकर लालू ने कहा था, “अमित शाह पागल हो गए हैं। उनके पास सही जानकारी नहीं है। हम उनके पागलपन का खंडन करते हैं। बाबा साहब आंबेडकर महान व्यक्ति थे और हम उनका सम्मान करते हैं।” लालू ने अमित शाह पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें इस्तीफा देना चाहिए और राजनीति से भाग जाना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here