नई दिल्ली: लोकसभा में सरकार पर आरोपशनिवार को लोकसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जिस तरह एकलव्य का अंगूठा काटा गया था, उसी तरह आज की सरकार देश के युवाओं का “अंगूठा” काट रही है। राहुल गांधी ने यह बयान संविधान की 75 वर्षों की यात्रा पर चर्चा के दौरान दिया।
उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप
राहुल गांधी ने कहा, “जब आप धारावी परियोजना, बंदरगाह और एयरपोर्ट उद्योगपतियों को सौंपते हैं, तो आप देश का अंगूठा काटते हैं।” उन्होंने सत्तापक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार केवल चुनिंदा लोगों के लिए काम कर रही है और आम जनता के अधिकारों की अनदेखी कर रही है।
सावरकर और संविधान पर टिप्पणी
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के विचारक विनायक दामोदर सावरकर ने संविधान को लेकर कहा था कि इसमें कुछ भी भारतीय नहीं है। सावरकर ने ‘मनुस्मृति’ को संविधान का आधार बनाने का सुझाव दिया था। राहुल गांधी ने कहा, “संविधान आधुनिक भारत का दस्तावेज़ है, लेकिन इसे प्राचीन भारत के विचारों के बिना नहीं लिखा जा सकता।”
जाति जनगणना और आरक्षण की सीमा पर कांग्रेस का वादा
राहुल गांधी ने कहा, “हम देश में जाति जनगणना कराएंगे और यह दिखाएंगे कि आपने किन लोगों का ‘अंगूठा’ काटा है।” उन्होंने यह भी वादा किया कि कांग्रेस आरक्षण की सीमा पर 50% की बाधा को खत्म करेगी, जिससे सामाजिक न्याय सुनिश्चित हो सके।































