पटना: 6 दिसंबर को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के कार्यालय के बाहर 70वीं बीपीएससी के अभ्यर्थियों ने नॉर्मलाइजेशन के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया। इस घटना के बाद से विपक्ष सत्ता पक्ष पर लगातार हमलावर है। आज, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा प्रहार किया।

तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर उठाए सवाल

कोलकाता रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यह समझ नहीं आ रहा कि बिहार में क्या हो रहा है। उन्होंने कहा, “सीएम होश में नहीं हैं। उनसे बिहार नहीं संभल रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अफसरशाही हावी है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

“यह लाठी-डंडे वाली सरकार है”

तेजस्वी यादव ने कहा कि “रिटायरमेंट की उम्र में मुख्यमंत्री लाठी चलवा रहे हैं। यह लाठी-डंडे वाली सरकार बन गई है।” उन्होंने पूछा कि सर्वर डाउन होने की वजह से जो लाखों अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पाए, उसमें उनकी गलती नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को सर्वर दोबारा खोलकर छात्रों को आवेदन का मौका देना चाहिए।

“जनता की आवाज उठाना उकसाना नहीं है”

जब तेजस्वी यादव से सत्ता पक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया मांगी गई कि वह प्रदर्शन को उकसा रहे हैं, तो उन्होंने कहा, “हम जनता और नौजवानों की आवाज उठा रहे हैं। पिछले 10 दिनों से नॉर्मलाइजेशन को लेकर अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोग ने पहले ही स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं की? लाठीचार्ज के बाद सफाई देने का कोई मतलब नहीं है।” तेजस्वी ने अंत में मुख्यमंत्री से छात्रों के हित में कार्रवाई करने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here