पटना: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को मुंगेर के एक दिवसीय दौरे पर कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम के तहत पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। मुंगेर सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने एनडीए सरकार के घटक दल जदयू और भाजपा पर निशाना साधा और 2025 में जीत का दावा किया।

‘थक चुके हैं नीतीश कुमार’: तेजस्वी का बयान

तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार अब केवल एक मुखौटा बनकर रह गए हैं। सरकार उनके इर्द-गिर्द के लोग और अधिकारी चला रहे हैं। 20 साल शासन करने के बाद उनके पास अब कोई विजन नहीं बचा। अब वे थक चुके हैं, और अधिकारियों का एक वर्ग इसका फायदा उठाकर अपनी जेबें भर रहा है। उन्होंने कहा, “बिहार को आगे ले जाने के लिए मुख्यमंत्री के पास कोई योजना नहीं है। माफिया और सरकार की मिलीभगत से जनता का नुकसान हो रहा है। शराबबंदी के बावजूद शराब माफियाओं का बोलबाला है। पेपर लीक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन कार्रवाई शून्य है।”

‘सरकार में आकर करेंगे काम’: तेजस्वी का विजन

तेजस्वी यादव ने अपने रोड मैप की झलक देते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का खाका तैयार है। उन्होंने कहा, “हमने पहले भी युवाओं को नौकरी दिलवाई, और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका। 2020 के चुनाव में भी हमारी सरकार लगभग बन चुकी थी। इस बार पूरी तैयारी के साथ लौटेंगे।”

‘पेपर लीक पर क्यों नहीं हुई कार्रवाई?’

तेजस्वी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में माफियाओं का राज है। उन्होंने पूछा, “अब तक पेपर लीक मामलों में कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया? बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए हमारी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध होगी।”

नीतीश के संवाद कार्यक्रम पर सवाल

मुख्यमंत्री के संवाद कार्यक्रम को लेकर तेजस्वी ने कहा कि इस पर 200-250 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया, “क्या जनता से मिलने के लिए इतना पैसा खर्च करना जरूरी है? जब जनता दरबार में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो यह कार्यक्रम किस तरह कारगर होगा?”

‘स्मार्ट मीटर नहीं, स्मार्ट चीटर’: तेजस्वी की टिप्पणी

स्मार्ट मीटर को लेकर तेजस्वी ने इसे “चीटर मीटर” कहा और वादा किया कि उनकी सरकार बनने पर राज्य में 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार को भी 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने के लिए मजबूर करेंगे।

तेजस्वी की यात्रा योजना

तेजस्वी यादव ने अपने कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम के तीसरे चरण की शुरुआत 4 दिसंबर को मुंगेर से की। इसके बाद 5 दिसंबर को खगड़िया, 6 दिसंबर को बेगूसराय, और 7 दिसंबर को लखीसराय और शेखपुरा में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here