पटना: बिहार सरकार ने आम नागरिकों के लिए सर्किट हाउस और जिला स्टेट हाउस की बुकिंग की सुविधा शुरू की है। अब यह सुविधा सिर्फ नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों तक सीमित नहीं रहेगी। इस कदम से उन लोगों को राहत मिलेगी जो किसी काम से एक रात के लिए बाहर जाते हैं और महंगे होटलों में ठहरने को मजबूर होते हैं। अब आम लोग भी सरकारी गेस्ट हाउस का लाभ उठा सकते हैं, वह भी सस्ते दरों पर।
ऑनलाइन बुकिंग और शुल्क
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अतिथिगृह या सर्किट हाउस की बुकिंग कर सकता है। वातानुकूलित कमरों का किराया एक हजार रुपये प्रतिदिन और सामान्य कमरों का किराया 500 रुपये प्रतिदिन रखा गया है। वहीं, सरकारी कर्मचारी सरकारी कार्य के लिए इन्हीं कमरों को वातानुकूलित के लिए 250 रुपये और सामान्य कमरे के लिए 100 रुपये प्रतिदिन के दर से बुक कर सकते हैं।
नई वेबसाइट का उद्घाटन
भवन निर्माण मंत्री जयंत राज ने मंगलवार को नई वेबसाइट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पुरानी वेबसाइट को बंद कर दिया गया है। बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन पेमेंट की भी सुविधा दी गई है। हालांकि, हर बुकिंग पर 18% जीएसटी लागू होगा। मंत्री ने बताया कि इस पोर्टल से सभी प्रकार के सरकारी भवनों की बुकिंग की जा सकती है।
राज्य के अन्य गेस्ट हाउस
भवन निर्माण विभाग के विभिन्न जिलों में स्थित अतिथिगृह और निरीक्षण भवनों में भभुआ, सासाराम, समस्तीपुर, सहरसा, और बेतिया शामिल हैं। इन भवनों के रखरखाव और सफाई के लिए विशेष योजना बनाई गई है।
ज्ञान भवन और बापू सभागार की बुकिंग दरें
पटना के ज्ञान भवन और बापू सभागार की बुकिंग दरें काफी ऊंची हैं। बहुउद्देशीय हॉल की बुकिंग दर 2.5 लाख रुपये प्रतिदिन है, जबकि 800 व्यक्तियों की क्षमता वाले सभागार की बुकिंग 1.75 लाख रुपये प्रतिदिन की दर पर होती है।
धार्मिक स्थलों के नजदीक भवन
पटना साहिब भवन जैसे स्थान, जो हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा और प्रकाश पूंज भवन के पास स्थित हैं, की बुकिंग भी अब पोर्टल के माध्यम से आसानी से की जा सकती है। इस अवसर पर विभाग के सचिव कुमार रवि और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
































