पटना: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को वीडियो कॉल कर धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने भोजपुर जिले के शाहपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरा के डुमरिया शाहपुर में छापेमारी कर इस युवक को पकड़ा। आरोपी ने सांसद को जान से मारने की धमकी दी थी।
आरोपी की पहचान और पूछताछ
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के निवासी रामेश्वर यादव के बेटे राम बाबू राय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूर्णिया ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी दी थी।
धमकी का वीडियो और कॉल

1 दिसंबर की सुबह आरोपी ने व्हाट्सएप पर 13 सेकेंड का वीडियो भेजकर कहा, “पप्पू यादव को 5-6 दिन में खत्म करने का ऑर्डर मिला है। हम जल्द उन्हें मारेंगे। हम पटना पहुंच चुके हैं।”
इसके बाद, आरोपी ने ऑडियो कॉल कर सांसद से माफी मांगने की बात कही और कहा, “अगर माफी नहीं मांगी तो उन्हें मार देंगे। हम अपने मिशन को किसी भी कीमत पर पूरा करेंगे।”
































