पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सक्षमता-2 के कक्षा 9-10 और कक्षा 11-12 के कुल सात विषयों के लिए आयोजित पुनर्परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। यह परीक्षा नवंबर में ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई थी। पहले परीक्षा में पूछे गए कई प्रश्न गलत पाए गए थे, जिसके चलते इसे रद्द कर दोबारा आयोजित किया गया। इस बार कुल 427 शिक्षक अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। रविवार देर रात समिति ने परिणाम प्रकाशित किया।

इन विषयों में हुई पुनर्परीक्षा

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अनुसार, कक्षा 9-10 के 5 विषयों हिन्दी, फारसी, संगीत, नृत्य और गृह विज्ञान की पुनर्परीक्षा 13 नवंबर 2024 को आयोजित की गई। इसमें 429 शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। वहीं, कक्षा 11-12 के 2 विषयों गृह विज्ञान और इतिहास की पुनर्परीक्षा भी इसी दिन आयोजित की गई, जिसमें 206 शिक्षक अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

कक्षा के अनुसार सफलता प्रतिशत

समिति द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, कक्षा 9-10 के 5 विषयों की पुनर्परीक्षा में 299 शिक्षक अभ्यर्थी सफल हुए, जिनका उत्तीर्णता प्रतिशत 69.70% है। वहीं, कक्षा 11-12 के 2 विषयों की पुनर्परीक्षा में 128 शिक्षक अभ्यर्थी सफल हुए, और इनका उत्तीर्णता प्रतिशत 62.14% रहा।

आज से वेबसाइट पर उपलब्ध परिणाम

पुनर्परीक्षा में सम्मिलित शिक्षक अभ्यर्थी अपना परिणाम 2 दिसंबर 2024, अपराह्न 1:00 बजे से समिति की आधिकारिक वेबसाइट www.bsebsakshamta.com पर देख सकते हैं। परिणाम देखने के लिए अभ्यर्थियों को अपना आवेदन संख्या (Application No.) और जन्म तिथि (dd-mm-yyyy) दर्ज करनी होगी।

पहले जारी हुए थे अन्य विषयों के परिणाम

सक्षमता-2 के अन्य विषयों के परिणाम पहले ही 16 नवंबर 2024 को जारी कर दिए गए थे। उस समय 65716 शिक्षक अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए थे। अब कुल मिलाकर सक्षमता-2 के सफल अभ्यर्थियों की संख्या 66143 हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here