नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत दिल्ली में रहने वाली 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। खास बात यह है कि यूपी-बिहार की महिलाएं भी इस योजना का लाभ उठा सकती हैं, यदि उनके पास दिल्ली का वोटर आईडी कार्ड है।
हर महीने मिलेगा आर्थिक सहारा
मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। इस योजना के तहत महिलाओं को अपनी व्यक्तिगत जरूरतों और परिवार की सहायता के लिए हर महीने 1000 रुपये दिए जाएंगे। यह योजना 18 साल से अधिक उम्र की हर महिला के लिए उपलब्ध होगी, जो दिल्ली में निवास करती हैं।
दस्तावेज होंगे जरूरी
योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को वोटर आईडी कार्ड, पहचान पत्र, और निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इन दस्तावेजों के आधार पर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी होगी।
आवेदन प्रक्रिया
इस योजना के लिए आवेदन जल्द ही शुरू होंगे। महिलाएं ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया और अन्य विवरणों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
चुनाव से पहले होगी शुरुआत
इस योजना की शुरुआत की संभावित तारीख अगले साल फरवरी में होने वाले चुनाव से पहले तय की गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुराड़ी में इसकी जानकारी दी।
दिल्ली सरकार की यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक होगी।
































