पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लंबे समय बाद राजधानी पटना में पत्रकारों से बातचीत की। वे कृषि विभाग के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उनके साथ कृषि मंत्री मंगल पांडे और जदयू नेता संजय झा समेत अन्य नेता भी उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में कृषि के क्षेत्र में हुए सुधार का जिक्र करते हुए विरोधियों पर निशाना साधा।
“हमारे बाद ही बिहार में शुरू हुआ विकास”- CM नीतीश
सीएम नीतीश ने कहा कि राज्य में कृषि और किसानी की स्थिति पहले कितनी खराब थी, यह कोई नहीं जानता। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल से पहले न तो मशीनों का उपयोग होता था और न ही खेती को लेकर कोई विशेष योजना थी। उन्होंने कहा, “हमारे आने के बाद ही मशीनें लगाई गईं और विकास का काम शुरू हुआ। इससे पहले यहां कुछ भी नहीं था।”
2006 के बाद किए बड़े सुधार
उन्होंने आगे कहा कि 2006 के बाद राज्य में जो काम हुआ है, उसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार के प्रयासों से कृषि और अन्य क्षेत्रों में बड़े बदलाव हुए हैं। सीएम ने कहा, “आज कितने प्रकार की खेती हो रही है, और मशीनों का उपयोग बढ़ा है। यह सब हमारे प्रयासों से ही संभव हो पाया है।”
विरोधियों पर तीखा हमला
विरोधियों के सवालों का जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि जो लोग उनकी सरकार के काम पर सवाल उठाते हैं, उनसे पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने खुद क्या किया है। उन्होंने कहा, “मैं 2005 के नवंबर में आया और उसके बाद काम शुरू किया। इससे पहले कोई काम होता भी था क्या? आपकी उम्र कम है, इसलिए आपको शायद पता नहीं होगा कि पहले की स्थिति कैसी थी।”
































