पटना: बिहार शिक्षा विभाग ने TRE-3 पास अभ्यर्थियों और सक्षमता परीक्षा पास नियोजित शिक्षकों की काउंसलिंग के लिए तारीखें घोषित कर दी हैं। 9 से 31 दिसंबर तक कुल 1.50 लाख अभ्यर्थियों को अलग-अलग तारीखों में डीआरसीसी सेंटर पर बुलाया गया है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस. सिद्धार्थ ने इस संबंध में सभी जिलों के शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र भेजा है।
9 से 13 दिसंबर के बीच होगी प्रक्रिया
हेड टीचर (कक्षा 1-8) और हेडमास्टर (कक्षा 9-12) के लिए काउंसलिंग 9 से 13 दिसंबर तक चलेगी। इस प्रक्रिया में प्राथमिक विद्यालयों के लिए 36,947 और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए 5,971 हेडमास्टर पद भरे जाएंगे।
TRE-3 शिक्षक अभ्यर्थियों की काउंसलिंग
TRE-3 के तहत क्लास 1 से 5 और क्लास 6 से 8 के लिए काउंसलिंग 16 से 20 दिसंबर तक चलेगी। इसमें कुल 38,900 सफल अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
सक्षमता परीक्षा पास अभ्यर्थियों की काउंसलिंग
सक्षमता 2.0 परीक्षा में सफल हुए 65,716 नियोजित शिक्षकों की काउंसलिंग 23 से 31 दिसंबर तक आयोजित होगी। काउंसलिंग में कुल 1,47,537 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पदों का विवरण
बीपीएससी से मिली अनुशंसा
अपर मुख्य सचिव के अनुसार, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) से प्राप्त अनुशंसा के अनुसार:
– हेडमास्टर (कक्षा 9-12): 5,971 पद
– हेड टीचर (कक्षा 1-8): 36,947 पद
– क्लास 1-5: 21,911 पद
– क्लास 6-8: 16,989 पद
काउंसलिंग में विशेष सुरक्षा व्यवस्था
काउंसलिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग ने जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि इस अवधि में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को अन्य ड्यूटी पर नहीं लगाया जाए।
प्रिंसिपल के लिए वेतन और भत्ते
कक्षा 9-12 के प्रिंसिपल को 35,000 रुपए का मूल वेतन और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित अन्य भत्ते मिलेंगे। पंचायती राज और नगर निकाय संस्थानों के शिक्षकों की न्यूनतम और अधिकतम आयु सीमा अलग-अलग तय की गई है।



































