लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने नगर निकायों में संविदा पर काम कर रहे सफाईकर्मियों के लिए बड़ी राहत दी है। सरकार ने इनके मानदेय को बढ़ाकर नया आदेश जारी किया है। पहले इन कर्मियों को रोजाना 412 रुपए मिलते थे, लेकिन अब उन्हें महीने के 10,712 रुपए का भुगतान किया जाएगा।

आदेश हुआ जारी

नगर विकास विभाग के विशेष सचिव अमित कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। आदेश के तहत सभी नगर आयुक्त और अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नए मानदेय का पालन सुनिश्चित करें। इस फैसले से संविदा पर काम करने वाले हजारों सफाईकर्मियों के बीच खुशी का माहौल है। लंबे समय से वे मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे, जिसे अब सरकार ने मंजूरी दे दी है।

न्यूनतम मजदूरी का निर्धारण

सरकार ने साफ किया है कि संविदा कर्मियों को अब न्यूनतम मजदूरी के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। अकुशल श्रमिकों के लिए दैनिक मजदूरी 412 रुपए तय की गई है, और इन्हें 26 दिन का मासिक मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि अगर मानदेय वितरण में कोई लापरवाही हुई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लखनऊ नगर निगम में स्थिति

लखनऊ नगर निगम में करीब 12 हजार संविदा कर्मी हैं, जिनमें 9 हजार सफाईकर्मी शामिल हैं। अब तक इन्हें प्रतिदिन 388 रुपए मिलते थे, लेकिन ठेकेदारों द्वारा कमीशन काटने के चलते इनके हाथ में सिर्फ 7-8 हजार रुपए ही आते थे। अब, सरकार ने इनका मासिक वेतन 10,712 रुपए तय कर दिया है, जिससे ठेकेदारों की मनमानी पर रोक लगेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here