पटना: इस बार पंचायत में हो रहे पैक्स चुनाव में महिला वोटरों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। राजधानी पटना के पास मसौढ़ी प्रखंड में 13 पैक्स के लिए हो रहे चुनाव में सुबह से ही महिलाएं मतदान केंद्रों पर भारी संख्या में पहुंची। मसौढ़ी के बेर्रा पंचायत के बूथ पर महिलाओं ने पूरे जोश के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
महिलाओं का वोट किसे मिलेगा?
एक महिला मतदाता ने कहा कि उनका वोट उसी उम्मीदवार को जाएगा जो किसानों के हित में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन किसानों के लिए केवल वादे और छलावा ही देखने को मिलता है। भारत जैसे कृषि प्रधान देश में आज भी किसान सबसे अधिक पीड़ित और मजबूर हैं। “हम वोट उसी को देंगे जो किसानों के लिए काम करेगा। जो काम नहीं करेगा, उसे हमारा वोट नहीं मिलेगा।” काजल दिक्षित, मतदाता, बेर्रा, मसौढ़ी
पैक्स चुनाव के मुद्दे
महिला मतदाताओं ने कहा कि सरकारें कागजों पर तो किसानों के लिए योजनाएं बनाती हैं, लेकिन वे जमीन पर नहीं उतरतीं। आज भी किसान कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। कभी मौसम की मार तो कभी सरकारी नियमों के कारण किसानों का संकट बढ़ जाता है। वे ऐसे पैक्स अध्यक्ष को चुनेंगी जो धान, गेहूं, बीज और खाद समय पर उपलब्ध कराए।
शांतिपूर्ण मतदान
मतदान केंद्र पर मौजूद एसडीएम अमित कुमार पटेल ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
“लोग शांतिपूर्ण तरीके से लंबी लाइनों में खड़े होकर मतदान कर रहे हैं। निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी मतदान कर्मियों और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।” अमित कुमार पटेल, एसडीएम, मसौढ़ी
































