पटना: बिहार सरकार जल्द ही स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के 2473 पदों पर भर्ती करने जा रही है। इस भर्ती के लिए अधियाचन सरकार ने तकनीकी सेवा आयोग को भेज दी है।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में फार्मासिस्ट के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग मानव संसाधन की संख्या बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
फार्मासिस्ट की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवा को मिलेगी ताकत
मंत्री पांडेय ने कहा कि फार्मासिस्ट दवाओं और उनके सही इस्तेमाल के विशेषज्ञ होते हैं। फार्मासिस्ट की नियुक्ति से स्वास्थ्य विभाग को अतिरिक्त बल मिलेगा, और वे मरीजों को दवाओं के सही उपयोग और इसके दुष्प्रभावों के बारे में सलाह देने में सक्षम होंगे। इसके अलावा, दवाओं के फायदों और नुकसानों की जानकारी भी देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में फार्मासिस्ट की नियुक्ति से युवाओं को रोजगार मिलेगा और सरकारी अस्पतालों में मरीजों की देखभाल में सहायता होगी।
सरकार की बहाली प्रक्रिया में तेजी
मंत्री पांडेय ने यह भी कहा कि सरकार उन विभागों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में जुटी है, जहां पद खाली हैं। स्वास्थ्य विभाग में एक साथ करीब ढाई हजार पदों पर नियुक्ति से युवाओं में काफी उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमेशा युवाओं को रोजगार देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम किया है। मंत्री ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। बिहार की जनता ने इस कार्य की सराहना करते हुए उपचुनाव में एनडीए को भारी जीत दिलाई है।
जिलास्तरीय नियोजन मेला, एक हजार से अधिक पदों पर भर्ती
दूसरी ओर, गोपालगंज में जिलास्तरीय एक दिवसीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला मंगलवार को शहर के दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम (वीएम फील्ड) में होगा। श्रम संसाधन विभाग के जिला नियोजनालय ने आयोजन की तैयारी पूरी कर ली है। यह मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। नियोजन मेला में कुल 28 नियोजकों की सहमति प्राप्त हो चुकी है, और इसमें एक हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां होंगी।
नियोजन मेला में भाग लेने के लिए क्या आवश्यक है?
जिला नियोजन पदाधिकारी पिंकी भारती ने कहा कि रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिला नियोजनालय प्रतिबद्ध है। नियोजन मेला में भाग लेने के लिए उम्मीदवार का एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। जो उम्मीदवार अभी तक पंजीकरण नहीं करवा पाए हैं, वे [NCS पोर्टल](https://www.ncs.gov.in/) पर पंजीकरण कर सकते हैं या जिला नियोजनालय से संपर्क कर सकते हैं। मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को एनसीएस आइडी की छायाप्रति, बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति और नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो लाना होगा। इस मेला में 28 कंपनियां भाग लेंगी, जिनमें कुशग्राम खादी ग्रामोद्योग और हरिओम फीड्स भी शामिल हैं।
































