पटना: बिहार के चार सीटों पर हुए उपचुनाव में राजद को बुरी हार का सामना करना पड़ा है। इस चुनाव में राजद को 35 साल पुराने गढ़ में भी हार मिली है। इसके बाद तेजस्वी यादव आज पटना में पार्टी कार्यालय पहुंचे और उन्होंने एक अहम बैठक बुलाई।

तेजस्वी यादव का पीएम मोदी पर पलटवार

इस दौरान तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक हैं तो सेफ हैं” बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “कौन अलग है, सब एक ही हैं। देश एक है, राज्य एक हैं। बांटने और नफरत फैलाने का काम तो भाजपा करती है, यह सभी जानते हैं।” तेजस्वी ने यह भी कहा कि भाजपा ने झारखंड में हार का सामना किया है और 2024 में भी वह हारेंगे। साथ ही, उन्होंने कहा कि बिहार में उपचुनाव में एनडीए की जीत उनकी अंतिम जीत साबित होगी और इसके बाद वे कभी जीत नहीं पाएंगे।

तेजस्वी का कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत

राजद कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव का जोरदार स्वागत किया है। यह माना जा रहा है कि तेजस्वी आज एक बड़ा निर्णय ले सकते हैं। इसके अलावा, बिहार में हुई हार के बाद तेजस्वी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन करेंगे और पार्टी का प्रदर्शन सुधारने की कोशिश करेंगे। तेजस्वी राज्य के विभिन्न जिलों में राजद कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

बदलाव बिहार कार्यकर्ता समारोह में तेजस्वी ने की अध्यक्षता

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के “बदलो बिहार कार्यकर्ता समारोह” की अध्यक्षता बिहार विधानसभा में विपक्षी नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने की। इस कार्यक्रम में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को शामिल होना था, लेकिन वे इसमें भाग नहीं ले सके।

हार से घबराने की जरूरत नहीं

राजद के राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने बिहार विधानसभा की चार सीटों पर हुए उपचुनाव में पार्टी की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस परिणाम से घबराने की कोई जरूरत नहीं है। यह सतर्क रहने और मेहनत करने का समय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल मजबूत होगी और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। एनडीए सरकार समाज में घृणा और नफरत फैला रही है, और लोगों को लड़ाने का काम कर रही है। इस कारण पार्टी के इस परिणाम से निराश होने की कोई बात नहीं है, 2025 में हम सरकार बनाएंगे।

बीजेपी की यह आखिरी जीत होगी

तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बीजेपी की आखिरी जीत साबित होगी।

बिहार में बदलाव का समय

तेजस्वी प्रसाद यादव ने झारखंड में बीजेपी की करारी हार का हवाला देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार में सरकार बनाने का कार्य राजद ही करेगा। बिहार में बदलाव का माहौल बन चुका है। डबल इंजन सरकार में एक इंजन भ्रष्टाचार में और दूसरा इंजन अपराध में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 11 साल से देश की सत्ता संभाली है, लेकिन बिहार को अब तक विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला। रोजगार के वादे भी पूरे नहीं हुए। बिहार के लोग बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी से जूझ रहे हैं। पढ़े-लिखे लोग भी नौकरी के लिए तरस रहे हैं। स्मार्ट मीटर और सरकारी सर्वे से लोग परेशान हैं, जबकि भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और पुल-पुलिया गिर रहे हैं।

आरक्षण को खत्म करने की साजिश

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी बिहार से आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि जब बीजेपी बिहार सरकार में थी, तब उन्होंने आरक्षण व्यवस्था को बढ़ावा दिया था, लेकिन अब सत्ता में आने के बाद आरक्षण को कोर्ट के माध्यम से खत्म कर दिया गया है। अब दलित, आदिवासी और पिछड़ा समाज इस बढ़े हुए आरक्षण का लाभ नहीं उठा पाएगा।

नीतीश कुमार पर तीखा हमला

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद राजद ने दो बार नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया। वे अभी भी नीतीश कुमार का सम्मान करते हैं, लेकिन बीजेपी ने उन्हें हाईजैक कर लिया है। उन्होंने कहा कि हम कभी बीजेपी के सामने सिर झुकाने का काम नहीं करेंगे।

राष्ट्रीय जनता दल की पहचान

तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनता दल को सभी समुदायों की पार्टी बताते हुए उसका नया नामकरण किया। उन्होंने इसे “मुस्लिम- यादव” पार्टी से बदलकर “बीएएपी” (बहुजन, आगड़ा, आदि आबादी और पिछड़ा) पार्टी करार दिया।

बिहार में हार, झारखंड में जीत

गौरतलब है कि बिहार के चार सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव में भले ही राजद को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन झारखंड में राजद का प्रदर्शन शानदार रहा है। झारखंड में राजद ने 6 सीटों पर चुनाव लड़ा और 4 सीटों पर जीत हासिल की। आज राजद कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है और तेजस्वी यादव ने सुबह-सुबह पार्टी कार्यालय पहुंचकर बैठक की शुरुआत की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here