पटना: बिहार के गया में पुलिस ने बुलडोजर एक्शन को अंजाम दिया है। यूपी में अक्सर बुलडोजर कार्रवाई देखी जाती है, लेकिन अब बिहार में भी यह चलन बढ़ता जा रहा है। गया के आमस थाना क्षेत्र में पुलिस ने 50 हजार के इनामी अपराधी मोहम्मद आरिफ खान के घर पर बुलडोजर चलाया और उसकी संपत्ति पर कुर्की की कार्रवाई की। बुलडोजर से घर का दरवाजा और अन्य संरचनाएं उखाड़ दी गईं।
गया में बुलडोजर कार्रवाई
बिहार में बुलडोजर एक्शन का दृश्य देखकर लोग यूपी पुलिस की यादों में खो गए। बिहार में ऐसी कार्रवाई आमतौर पर नहीं होती, लेकिन इस बार कुख्यात अपराधी मोहम्मद आरिफ खान के घर पर यह एक्शन लिया गया।
एसएसपी का बयान
“कुख्यात अपराधी 50 हजार का इनामी मोहम्मद आरिफ खान के घर पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की गई है। अगर अपराधी सरेंडर नहीं करते तो उनके खिलाफ और सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस हर हालत में उसकी गिरफ्तारी करेगी। इस कार्रवाई के दौरान बुलडोजर और पुलिस बल की टीम मौजूद थी,” – आशीष भारती, एसएसपी, गया।
कोर्ट में हुआ था हमला
जानकारी के मुताबिक, पिछले महीने शेरघाटी कोर्ट में पेशी के दौरान फोटो खान पर हमले की घटना हुई थी। अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिससे फोटो खान घायल हो गया था, लेकिन उसकी जान बच गई। इस हमले में कुख्यात मोहम्मद आरिफ खान और अन्य अपराधी आरोपी बनाए गए थे।
50 हजार का इनाम
मोहम्मद आरिफ खान, जो गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के हमजापुर का निवासी है, के खिलाफ 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फिर भी पुलिस उसकी गिरफ्तारी में सफल नहीं हो पाई थी। इसके बाद कोर्ट से आदेश लेकर पुलिस ने उसकी संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई की।
गया और औरंगाबाद पुलिस का वांछित
कुख्यात मोहम्मद आरिफ खान गया और औरंगाबाद पुलिस का वांछित अपराधी है। गया जिले के आमस थाना और औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना की पुलिस ने मिलकर उसकी संपत्ति पर कुर्की की कार्रवाई की। मोहम्मद आरिफ खान के खिलाफ आमस थाना में कांड संख्या 233/24 और 330/21 दर्ज है। औरंगाबाद के मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 139/24 दर्ज है।
































